झांसी । झांसी में पुलिस ने तीन महीने से फरार चल रहे रेप के आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी पर एक युवती को बहला-फुसलाकर घर से भगा ले जाने और उसके साथ दुष्कर्म करने का आरोप है। पुलिस ने उसे मुखबिर की सूचना पर पकड़कर जेल भेज दिया है।
जानकारी के अनुसार, मामला प्रेमनगर थाना क्षेत्र की एक कॉलोनी का है। 22 फरवरी को पीड़ित युवती के पिता ने थाने में तहरीर देकर शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया था कि 20 फरवरी की रात परिवार के सभी सदस्य खाना खाने के बाद सो गए थे, लेकिन अगली सुबह जब परिजनों की नींद खुली तो उनकी बेटी घर से लापता थी।
परिजनों ने काफी तलाश की, रिश्तेदारों और आसपास के क्षेत्रों में भी खोजबीन की गई, लेकिन युवती का कोई सुराग नहीं मिला। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई और मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। जांच के दौरान पुलिस ने युवती को बरामद किया, जिसके बाद सामने आया कि उसे रक्सा क्षेत्र के अठौदना गांव निवासी बृजेश ढीमर (20) बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गया था और उसके साथ दुष्कर्म की घटना को अंजाम दिया गया।
तब से आरोपी लगातार फरार चल रहा था और पुलिस उसकी तलाश में जुटी थी। आखिरकार मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर पुलिस ने आरोपी को अठौदना पुलिया के पास से गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के बाद आरोपी को न्यायिक प्रक्रिया के तहत जेल भेज दिया गया है और मामले की आगे की जांच जारी है।
