झांसी। झांसी में मंगलवार को मौसम का मिजाज फिर बदल गया है। सुबह से आसमान में बादल छाए हुए हैं और रुक-रुककर हवा चल रही है। मौसम विभाग ने आज बारिश का अलर्ट जारी किया है। कुछ स्थानों पर गरज-चमक के साथ आकाशीय बिजली गिरने की भी संभावना है। दिन का अधिकतम तापमान 31 डिग्री और न्यूनतम 24 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है।
धूप निकलने से बढ़ी उमस
पिछले दिनों हुई तेज बारिश के बाद अब बारिश का दौर कुछ कमजोर पड़ा है। सोमवार को दिनभर धूप रही। बीच-बीच में बादल जरूर छाए, लेकिन बारिश नहीं हुई। धूप के कारण दिन में उमस बढ़ी, जबकि रात में तापमान गिरने से हल्की ठंडक महसूस हुई।
बुधवार को भी तेज बारिश की संभावना
मौसम विभाग के मुताबिक, बुधवार को भी झांसी में तेज बारिश हो सकती है। इसके लिए यलो अलर्ट जारी किया गया है। बुधवार को अधिकतम तापमान 29 डिग्री और न्यूनतम 24 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना है।
बिजली चमकने पर खुले में न रहें
मंगलवार और बुधवार को आकाशीय बिजली गिरने की आशंका को देखते हुए लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है। बारिश और बिजली चमकने के दौरान खुले मैदान, खेत या पेड़ के नीचे खड़े होने से बचें। सुरक्षित रहने के लिए पक्के भवन के अंदर जाने की सलाह दी गई है।
