झांसी। इलाहाबाद-झांसी खंड स्नातक निर्वाचन क्षेत्र के निर्वाचित सदस्य डॉ. मान सिंह यादव का कार्यकाल छह दिसंबर को समाप्त होने के मद्देनजर निर्वाचन कार्यक्रम जारी कर दिया गया है। मंडलायुक्त एवं रिटर्निंग ऑफिसर बिमल कुमार दुबे ने बताया कि निर्वाचन की अधिसूचना 29 सितंबर को जारी की जाएगी।
उन्होंने बताया कि नामांकन की अंतिम तिथि छह अक्टूबर निर्धारित की गई है। सात अक्टूबर को नामांकन पत्रों की संवीक्षा होगी, जबकि नौ अक्टूबर तक प्रत्याशी अपने नाम वापस ले सकेंगे। मतदान 23 अक्टूबर को कराया जाएगा। मतदान का समय सुबह आठ बजे से शाम चार बजे तक निर्धारित किया गया है।
मतदान के बाद मतगणना 27 अक्टूबर को होगी। निर्वाचन कार्यक्रम जारी होने के साथ ही संबंधित अधिकारियों को आवश्यक तैयारियां पूरी करने के निर्देश दिए गए हैं। निर्वाचन प्रक्रिया को निर्धारित समय-सारिणी के अनुसार संपन्न कराने के लिए प्रशासन स्तर पर तैयारियां शुरू कर दी गई हैं।
