परीक्षा के अंतिम दिन भी दिखी सख्ती, केंद्रों पर रही सुरक्षा की चाक-चौबंद व्यवस्था
झांसी। उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड द्वारा आयोजित आरक्षी नागरिक पुलिस एवं समकक्ष पदों की सीधी भर्ती-2026 की लिखित परीक्षा बुधवार को जिले के 28 परीक्षा केंद्रों पर शांतिपूर्ण, पारदर्शी एवं नकलविहीन वातावरण में संपन्न हुई। परीक्षा दो पालियों में आयोजित की गई, जिसकी प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारियों द्वारा लगातार निगरानी रखी गई।
परीक्षा नोडल अधिकारी एवं अपर जिलाधिकारी शिव प्रताप शुक्ल ने बताया कि प्रत्येक पाली में 11,424 अभ्यर्थी पंजीकृत थे। प्रथम पाली में 9,168 अभ्यर्थी उपस्थित रहे, जबकि 2,256 अनुपस्थित रहे। वहीं द्वितीय पाली में 9,138 अभ्यर्थियों ने परीक्षा दी और 2,286 अभ्यर्थी अनुपस्थित पाए गए।
अपर जिलाधिकारी प्रशासन शिव प्रताप शुक्ल एवं पुलिस अधीक्षक नगर प्रीति सिंह ने बुंदेलखंड विश्वविद्यालय, क्रिश्चियन इंटर कॉलेज सहित विभिन्न परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। अधिकारियों ने कमांड कंट्रोल रूम का निरीक्षण करते हुए सीसीटीवी कैमरों और वॉइस रिकॉर्डर की कार्यशीलता की जांच की तथा परीक्षा कक्षों की लाइव निगरानी भी की। परीक्षा केंद्रों पर सीसीटीवी कैमरे, वॉइस रिकॉर्डर, पेयजल, शौचालय, रैंप एवं विद्युत व्यवस्था सुनिश्चित की गई। परीक्षा से पूर्व सभी केंद्रों को सैनिटाइज कराया गया। मोबाइल फोन एवं अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों के प्रवेश पर पूर्ण प्रतिबंध रहा। अभ्यर्थियों की सघन तलाशी ली गई, जबकि महिला अभ्यर्थियों की जांच महिला कर्मियों द्वारा कराई गई।
प्रशासन ने परीक्षा के दौरान धारा 163 का सख्ती से अनुपालन कराया तथा सभी केंद्रों पर पर्याप्त पुलिस बल तैनात रहा। अधिकारियों ने परीक्षा के शांतिपूर्ण संपन्न होने पर संबंधित कर्मचारियों एवं सुरक्षा बलों की सराहना की।
