झांसी। झांसी में थाना बबीना पुलिस और स्वॉट टीम ने संयुक्त अभियान के दौरान दो शातिर चोरी के आरोपियों को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार किया है। कार्रवाई के दौरान एक आरोपी पुलिस की जवाबी फायरिंग में पैर में गोली लगने से घायल हो गया। पुलिस ने दोनों के कब्जे से चोरी के सोने-चांदी के आभूषण, एक अवैध तमंचा, दो खोखा कारतूस और एक जिंदा कारतूस बरामद किए हैं।
पुलिस के अनुसार, गुरुवार को मुखबिर से सूचना मिलने पर थाना बबीना पुलिस और स्वॉट टीम ने गोपालपुरा रोड स्थित खैलार नहर के किनारे चेकिंग अभियान चलाया। इसी दौरान थाना बबीना में दर्ज चोरी के एक मामले में वांछित दो संदिग्धों को रोकने का प्रयास किया गया, जिसके बाद मुठभेड़ की स्थिति बन गई।
पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। उनकी पहचान रियासत पुत्र आलमोहम्मद, निवासी सूरनगर, थाना कोतवाली उरई, जनपद जालौन और कदीर खान पुत्र गुलसेर खान, निवासी भानसीपुर, थाना कोतवाली, जिला धौलपुर (राजस्थान) के रूप में हुई है।
मुठभेड़ के दौरान कदीर खान के पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे तत्काल उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया। पुलिस का कहना है कि दोनों आरोपियों से पूछताछ की जा रही है और मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।
