झांसी। इलाहाबाद-झांसी खंड स्नातक निर्वाचन क्षेत्र से विधान परिषद सदस्य के निर्वाचन के लिए रिटर्निंग ऑफिसर एवं मंडलायुक्त झांसी बिमल कुमार दुबे ने 29 सितंबर को निर्वाचन की अधिसूचना जारी कर दी। निर्वाचन क्षेत्र में प्रयागराज, कौशाम्बी, फतेहपुर, चित्रकूट, बांदा, हमीरपुर, महोबा, जालौन, झांसी और ललितपुर जनपदों का संपूर्ण क्षेत्र शामिल है।
अधिसूचना के अनुसार अभ्यर्थी 6 अक्टूबर 2026 तक नामांकन पत्र दाखिल कर सकेंगे। नामांकन पत्र रिटर्निंग ऑफिसर अथवा अपर आयुक्त (प्रशासन), झांसी मंडल/सहायक रिटर्निंग ऑफिसर के समक्ष कमिश्नरी परिसर स्थित न्यायालय कक्ष में पूर्वाह्न 11 बजे से अपराह्न 3 बजे तक जमा किए जा सकेंगे। नामांकन पत्र के प्रारूप भी इसी स्थान और समय पर प्राप्त होंगे।
नामांकन पत्रों की संवीक्षा 7 अक्टूबर को पूर्वाह्न 11 बजे से होगी। अभ्यर्थिता वापस लेने की अंतिम तिथि 9 अक्टूबर निर्धारित की गई है। नाम वापसी की सूचना अपराह्न 3 बजे से पहले दी जा सकेगी। यदि निर्वाचन में मतदान की स्थिति बनती है तो 23 अक्टूबर को सुबह 8 बजे से शाम 4 बजे तक संबंधित जिलों के मतदान केंद्रों पर मतदान कराया जाएगा। मतगणना 27 अक्टूबर को नियमानुसार होगी।
मंडलायुक्त ने बताया कि निर्वाचन कार्यक्रम की घोषणा 22 सितंबर से आदर्श आचार संहिता प्रभावी है। स्नातक निर्वाचक नामावली को अंतिम रूप से 6 जनवरी 2026 को प्रकाशित किया जा चुका है।
