झांसी। मेजर ध्यानचंद स्पोर्ट्स स्टेडियम में चल रही 16वीं हॉकी इंडिया सीनियर पुरुष नेशनल चैंपियनशिप-2026 में उत्तर प्रदेश हॉकी ने शानदार प्रदर्शन करते हुए कर्नाटक को 3-2 से हराकर मुकाबला अपने नाम किया। शुक्रवार को खेले गए मुकाबले में यूपी की ओर से अंशु मौर्या, सुमित कुमार और शरद नंद तिवारी ने एक-एक गोल किया।

चैंपियनशिप का आयोजन हॉकी इंडिया, नई दिल्ली के तत्वावधान में उत्तर प्रदेश हॉकी, जिला प्रशासन झांसी और क्षेत्रीय खेल कार्यालय के संयुक्त समन्वय से 10 अक्टूबर से किया जा रहा है। शुक्रवार को प्रतियोगिता में चार मुकाबले खेले गए।

पहले मुकाबले में हॉकी हरियाणा ने मणिपुर हॉकी को 2-0 से पराजित किया। हरियाणा की ओर से शुभम और मनजीत ने एक-एक गोल किया। दूसरे मैच में हॉकी मध्य प्रदेश ने हॉकी महाराष्ट्र को कड़े मुकाबले में 3-2 से शिकस्त दी। मध्य प्रदेश की ओर से श्रेयश धूपे, कप्तान युसुफ अफान और प्रताप लकरा ने गोल किए।
तीसरे मुकाबले में हॉकी पंजाब ने हॉकी यूनिट ऑफ तमिलनाडु को 3-1 से हराया। पंजाब की ओर से दिलराज सिंह, गुरजोत सिंह और गुरजो सिंह सांघा ने एक-एक गोल किया। इसके बाद दिन के अंतिम मुकाबले में उत्तर प्रदेश और कर्नाटक के बीच रोमांचक भिड़ंत हुई, जिसमें यूपी ने 3-2 से जीत दर्ज की।
मैच के दौरान ओलंपियन एवं अर्जुन अवार्डी अशोक ध्यानचंद मुख्य अतिथि रहे। विशिष्ट अतिथि के रूप में दैनिक जागरण के महाप्रबंधक प्रशांत सिंह, ओलंपियन एवं चयनकर्ता बलविंदर सिंह शम्मी और भारतीय जूनियर पुरुष हॉकी टीम के चयनकर्ता एवं कोच फ्रेडरिक सोयेज मौजूद रहे।
क्षेत्रीय क्रीड़ा अधिकारी कर्मवीर सिंह और उप क्रीड़ा अधिकारी सुनील कुमार ने अतिथियों का स्वागत किया। प्रतियोगिता में 18 अक्टूबर को क्वार्टर फाइनल मुकाबले खेले जाएंगे। इसमें चार मैच सुबह सात, नौ, 11 बजे तथा दोपहर तीन बजे होंगे।
