विज्ञान क्लब के तत्वावधान में प्रयोगशालाओं का भ्रमण, विशेषज्ञों ने दिए करियर मार्गदर्शन
झांसी। विज्ञान के लोकप्रियकरण एवं संचार कार्यक्रम के तहत जिला विज्ञान क्लब झांसी द्वारा मेधावी विद्यार्थियों का शैक्षणिक भ्रमण रानी लक्ष्मीबाई केंद्रीय कृषि विश्वविद्यालय में कराया गया। जिला विद्यालय निरीक्षक रति वर्मा ने दो बसों को हरी झंडी दिखाकर विद्यार्थियों को रवाना किया।
विश्वविद्यालय पहुंचने पर विद्यार्थियों को विभिन्न वैज्ञानिक प्रयोगशालाओं का भ्रमण कराया गया। इस दौरान उन्हें मशरूम उत्पादन, बागवानी, मधुमक्खी पालन सहित आधुनिक कृषि तकनीकों की जानकारी दी गई। साथ ही कृषि आधारित उद्योगों में रोजगार की संभावनाओं से भी अवगत कराया गया।
निदेशक शिक्षा डॉ. अनिल कुमार एवं डीन डॉ. मनीष श्रीवास्तव ने वैज्ञानिक व्याख्यान के माध्यम से विश्वविद्यालय में संचालित पाठ्यक्रमों और शोध कार्यों की जानकारी दी तथा विद्यार्थियों की जिज्ञासाओं का समाधान किया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि पराग दुग्ध संघ के अध्यक्ष प्रदीप सरावगी एवं क्षेत्रीय उपाध्यक्ष संजीव श्रीगृरिषि ने विद्यार्थियों को अनुशासन और समय प्रबंधन का महत्व बताया।
इस अवसर पर छात्राओं ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियां भी दीं। कार्यक्रम का संचालन पराग गुप्ता ने किया तथा अंत में समन्वयक डॉ. बालमुकुंद ने आभार व्यक्त किया। सभी प्रतिभागियों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।
