सीसीटीवी में पेट्रोल छिड़ककर आग लगाता दिखा संदिग्ध युवक, पुलिस ने शुरू की तलाश
झांसी। सीपरी बाजार थाना क्षेत्र स्थित पुरानी सब्जी मंडी में बुधवार तड़के भीषण आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। आग की चपेट में आने से करीब 15 से 20 दुकानें जलकर राख हो गईं। दुकानों में रखा आलू, प्याज समेत लाखों रुपये का सब्जी का सामान भी जलकर नष्ट हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, तड़के अचानक पुरानी सब्जी मंडी में दुकानों से आग की ऊंची लपटें उठने लगीं। आग तेजी से फैलती देख आसपास के दुकानदारों में हड़कंप मच गया। दुकानदार अपनी-अपनी दुकानें बचाने के लिए प्रयास करने लगे। इसी बीच कुछ लोगों ने घटना की सूचना फायर ब्रिगेड और पुलिस को दी। दमकल कर्मियों ने मौके पर पहुंचकर आग बुझाने का काम शुरू किया।
आग पर काबू पाने के बाद पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। इसी दौरान सामने आए सीसीटीवी फुटेज ने घटना को नया मोड़ दे दिया। फुटेज में तड़के करीब साढ़े चार बजे एक युवक दुकानों के टपरों पर पेट्रोल छिड़कने और उसके बाद आग लगाने की कोशिश करता दिखाई दे रहा है। फुटेज सामने आने के बाद पुलिस ने उसे कब्जे में लेकर संदिग्ध युवक की पहचान और तलाश शुरू कर दी है।
इस मामले में थाना प्रभारी सीपरी बाजार जय प्रकाश चौबे का कहना है कि आग लगने के वास्तविक कारण और नुकसान का आकलन किया जा रहा है। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर संदिग्ध की तलाश में पुलिस टीम जुटी है। घटना के बाद मंडी में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी सवाल उठने लगे हैं।
