महोबा। महोबा में नीट छात्रा अपहरण और दुष्कर्म मामले में पुलिस ने फरार चल रहे मुख्य आरोपी मोहित श्रीवास और उसके साथी हल्लू को गिरफ्तार कर लिया है। एसओजी और सर्विलांस टीम ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए दोनों को पसवारा मोड़ से पकड़ा, जिसके बाद इस केस में शामिल सभी पांच नामजद आरोपी पुलिस की गिरफ्त में आ गए हैं।
यह मामला 30 अप्रैल का है, जब छतरपुर (मध्य प्रदेश) की रहने वाली 25 वर्षीय छात्रा, जो महोबा में नीट की तैयारी कर रही थी, कोचिंग से लौटते समय लापता हो गई थी। परिजनों की शिकायत पर 1 मई को मुकदमा दर्ज किया गया था। पुलिस ने 16 मई को छात्रा को सकुशल बरामद किया था, जिसके बाद पीड़िता ने बंधक बनाकर दुष्कर्म और प्रताड़ना के आरोप लगाए थे और मामले में एससी/एसटी एक्ट की धाराएं भी जोड़ी गई थीं।
पुलिस की जांच और पीड़िता के बयान के आधार पर पहले ही तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका था। अब मुख्य आरोपी मोहित और हल्लू की गिरफ्तारी के साथ केस के सभी पांच नामजद आरोपी जेल पहुंच चुके हैं।
इसी बीच मामला तब और चर्चा में आ गया जब सोशल मीडिया पर पीड़िता और मुख्य आरोपी मोहित का कथित शादी वीडियो और मैरिज सर्टिफिकेट सामने आया। पुलिस अब इस पूरे मामले के सभी पहलुओं की गहन जांच कर रही है ताकि सच्चाई सामने आ सके।
