अलीगढ़ । रेल यात्रियों को निशाना बनाकर मोबाइल चोरी करने वाले गिरोह के खिलाफ रेलवे सुरक्षा बल (RPF) और राजकीय रेलवे पुलिस (GRP) ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए तीन शातिर चोरों को गिरफ्तार किया है। ऑपरेशन यात्री सुरक्षा के तहत की गई इस कार्रवाई में आरोपियों के पास से करीब 2.10 लाख रुपये कीमत के छह चोरी के एंड्रॉयड मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं।
प्लेटफॉर्म पर घेराबंदी कर दबोचा
आरपीएफ प्रभारी निरीक्षक अजीत कुमार तिवारी ने बताया कि गुरुवार तड़के करीब 3:38 बजे प्लेटफॉर्म नंबर-2 पर टावर वैगन के पास संयुक्त टीम ने घेराबंदी कर तीनों आरोपियों को पकड़ लिया। कार्रवाई में आरपीएफ के उपनिरीक्षक विनोद नागर, हेड कांस्टेबल फुरखान खान, कांस्टेबल नवल किशोर शर्मा तथा जीआरपी के उपनिरीक्षक गौरव कुमार वर्मा शामिल रहे।
तीनों आरोपियों की हुई पहचान
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान देहलीगेट निवासी आनीफ, सासनीगेट निवासी संजय और बदायूं निवासी धर्मवीर के रूप में हुई है।
पूछताछ में कबूला अपराध
पूछताछ के दौरान तीनों आरोपियों ने स्वीकार किया कि वे ट्रेनों में सफर कर रहे यात्रियों को निशाना बनाते थे। मौका मिलते ही उनके मोबाइल फोन चोरी कर फरार हो जाते थे। पुलिस बरामद मोबाइलों के वास्तविक मालिकों की पहचान करने और गिरोह के अन्य सदस्यों की भूमिका की भी जांच कर रही है।
