झांसी। शहर में ऑनलाइन सट्टेबाजी के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए गुरुवार रात रॉयल सिटी इलाके में छापा मारा। स्वाट टीम, चिरगांव थाना और सीपरी बाजार पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में एक महिला समेत कई लोगों को हिरासत में लिया गया है।पुलिस को सूचना मिली थी कि इलाके में बड़े स्तर पर ऑनलाइन सट्टा संचालित किया जा रहा है। इसके बाद टीम ने देर रात अचानक दबिश दी, जिससे इलाके में हड़कंप मच गया।
भारी मात्रा में कैश और मोबाइल बरामद
छापेमारी के दौरान पुलिस को मौके से भारी मात्रा में नकदी, मोबाइल फोन और अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरण मिले हैं। सूत्रों के मुताबिक, बरामद कैश इतना ज्यादा था कि रकम गिनने के लिए पुलिस को नोट गिनने की मशीन तक मंगानी पड़ी।
मौके पर पहुंचे बड़े अधिकारी
कार्रवाई की सूचना मिलते ही एसपी सिटी प्रीति सिंह और सहायक पुलिस अधीक्षक अरीबा नोमान भी मौके पर पहुंच गईं। देर रात तक पुलिस टीम इलाके में जांच और पूछताछ करती रही।
गोपनीय तरीके से जारी है जांच
फिलहाल पुलिस ने आधिकारिक तौर पर बरामद रकम या हिरासत में लिए गए लोगों की संख्या का खुलासा नहीं किया है। बताया जा रहा है कि पूरे मामले की जांच गोपनीय तरीके से की जा रही है और ऑनलाइन सट्टे के नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भी तलाश की जा रही है।पुलिस को आशंका है कि यह गिरोह लंबे समय से ऑनलाइन बेटिंग और सट्टे का संचालन कर रहा था। जल्द ही मामले में बड़ा खुलासा हो सकता है।
