झांसी। जिले की मोंठ तहसील क्षेत्र में अवैध बालू खनन के खिलाफ प्रशासन ने सख्त रुख अपनाते हुए बड़ी कार्रवाई की है। खिरिया घाट और तालौड़ इलाके में लंबे समय से चल रहे अवैध खनन को रोकने के लिए एसडीएम अवनीश तिवारी खुद मौके पर पहुंचे और जेसीबी मशीन की मदद से खनन का रास्ता ही बंद कर दिया।
अवैध खनन के रास्ते पर प्रशासन का वार
जानकारी के मुताबिक, खिरिया घाट (मोंठ थाना क्षेत्र) और तालौड़ (शाहजहांपुर थाना क्षेत्र) में लगातार अवैध रूप से बालू का उत्खनन किया जा रहा था। खनन माफिया ट्रैक्टर-ट्रॉलियों के जरिए दिन-रात बालू का परिवहन कर रहे थे।शिकायतों के बाद प्रशासन हरकत में आया और मौके पर पहुंचकर उस रास्ते को खुदवाकर लगभग 4 फीट गहरे गड्ढे कर दिए, जिससे वाहनों की आवाजाही पूरी तरह बंद हो सके।
एसडीएम का सख्त संदेश
एसडीएम अवनीश तिवारी ने साफ कहा कि क्षेत्र में किसी भी हालत में अवैध खनन बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने संबंधित विभागों को निर्देश दिए कि इलाके में लगातार निगरानी रखी जाए और अगर दोबारा ऐसी गतिविधियां सामने आती हैं तो दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की जाए।
पहले से मिल रही थीं शिकायतें
प्रशासन को काफी समय से शिकायतें मिल रही थीं कि इस इलाके में अवैध खनन तेजी से बढ़ रहा है। स्थानीय स्तर पर खनन माफिया सक्रिय होकर सरकारी नियमों की अनदेखी कर रहे थे।
सांसद ने भी उठाया था मुद्दा
हाल ही में गरौठा विधानसभा क्षेत्र के दौरे पर पहुंचे झांसी-ललितपुर सांसद अनुराग शर्मा ने भी अवैध खनन पर नाराजगी जताई थी। उन्होंने अधिकारियों के सामने इस मुद्दे को गंभीरता से उठाते हुए तत्काल कार्रवाई की मांग की थी।उनके बयान के बाद यह मामला राजनीतिक स्तर पर भी चर्चा में आ गया था।
प्रशासन की कार्रवाई से मचा हड़कंप
एसडीएम की इस सख्त कार्रवाई के बाद अवैध खनन में शामिल लोगों में हड़कंप मच गया है। वहीं स्थानीय ग्रामीणों ने प्रशासन के कदम की सराहना की है और उम्मीद जताई है कि अब क्षेत्र में अवैध खनन पर स्थायी रोक लग सकेगी।
