विश्व हृदय दिवस पर विशेष :-
झाँसी। क्या आप जानते हैं कि हृदय रोगों का सम्बन्ध दाँतों की सफाई से भी है। हृदय रोगों के सम्बन्ध में किए गए कुछ अध्ययनों से यह पता चला है कि जिन लोगों की ओरल हेल्थ अच्छी नहीं होती है (मुख की सफाई अच्छी नहीं होती), उन्हें हृदय रोग का खतरा अधिक होता है।
मुँह की खराब स्वच्छता से हानिकारक बैक्टीरिया मसूड़ों के द्वारा रक्त में प्रवेश कर सकते हैं, जिससे धमनियों में सूजन आ जाती है व धमनियाँ सख्त हो जाती हैं, जिससे ब्लड प्रेशर और दिल के दौरे का खतरा बढ़ जाता है।
नगर के दंत चिकित्सक एवं पब्लिक हेल्थ एक्सपर्ट डॉ. इकबाल ने विश्व हृदय दिवस पर बताया कि हमें नियमित दाँतों की सफाई, दिन में 2 बार टूथ ब्रशिंग, नियमित दंत परीक्षण एवं संतुलित आहार का सेवन करना चाहिए। हमें अधिक वसा युक्त खाद्य पदार्थों का परित्याग करना चाहिए, नियमित योग एवं व्यायाम करना चाहिए।
हमें धूम्रपान एवं गुटखे-तम्बाकू का परहेज करना चाहिए। उपरोक्त उपायों से हम अपने आप को हृदय रोगों से काफी हद तक बचा सकते हैं।
