नशे की हालत में दिया घटना को अंजाम
झांसी। उत्तर प्रदेश में जनपद झांसी के रक्सा थाना क्षेत्र अंतर्गत खेरा गांव में दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां एक शराबी बेटे ने अपनी ही बुजुर्ग मां की बेरहमी से हत्या कर दी। घटना के बाद पूरे गांव में सनसनी और दहशत का माहौल बना हुआ है।
जानकारी के अनुसार आरोपी बेटा आत्माराम अहिरवार पुत्र पजनलाल नशे की हालत में घर पहुंचा था। इसी दौरान किसी बात को लेकर उसकी मां 76 वर्षीय हरकुंवर से कहासुनी हो गई। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि आरोपी ने पास में रखे सिलबट्टे से मां पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई।
घटना के बाद परिजन तत्काल घायल महिला को इलाज के लिए अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उसे बचाने का प्रयास किया, लेकिन उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। मां की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया और गांव में शोक का माहौल छा गया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू कर दी। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
मामले में पुलिस ने आरोपी बेटे के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। देर शाम पुलिस ने आरोपी बेटे को आलाकत्ल सिलबट्टे सहित गिरफ्तार कर जेल भेज दिया।
इनका है कहना…
सीओ सदर रामवीर सिंह ने बताया कि आरोपी बेटे आत्माराम को देर शाम गिरफ्तार कर लिया है। मृत वृद्धा के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।
