कहा – पत्रकारिता में सूचना तंत्र का है विशेष महत्व
देवर्षि नारद जी जयंती पर वरिष्ठ पत्रकार हुए सम्मानित
झांसी। देवर्षि नारद जी की जयंती के अवसर पर, नारद जयंती समारोह समिति के तत्वावधान में बुधवार को नारद जयंती समारोह – 2026 का आयोजन बुन्देलखण्ड डिग्री कॉलेज (बीकेडी) के स्वर्ण जयंती सभागार में किया गया।
समारोह में मुख्य अतिथि उप मुख्य चिकित्साधिकारी
डॉ. आशीष अग्निहोत्री व मुख्य वक्ता अखिल भारतीय सह पर्यावरण प्रमुख राकेश जैन रहे। अतिथि परिचय विभाग प्रचार प्रमुख मनोज तिवारी टाटा ने कराया।

मुख्य वक्ता अखिल भारतीय सह पर्यावरण प्रमुख राकेश जैन ने महर्षि नारद जी से जुड़े धार्मिक और पौराणिक प्रसंग सुनाते हुए कहा कि देवर्षि नारद जी का मुख्य कार्य सूचना का आदान-प्रदान करना और जरूरत पड़ने पर उकसाना , लेकिन उसके पीछे कोई विशेष कारण होता है। आधुनिक युग में सूचना तंत्र को अत्यंत महत्वपूर्ण बताते हुए कहा कि सूचना तथ्यात्मक हो, उद्देश्य बढ़ा-चढ़ाकर दुष्प्रचार नहीं होना चाहिए। यदि सूचना विश्वसनीय तरीके से पहुंचाई जाए तो परिणाम भी अत्यंत ही महत्वपूर्ण होते हैं।

सूचना के युग में कभी कभी आलोचनात्मक पत्रकारिता भी करनी पड़ती है, लेकिन समाचार को तोड़-मरोड़कर पेश न करते हुए निडरता, निष्पक्षता और निस्वार्थ भाव से प्रस्तुत करना चाहिए। मुख्य अतिथि डॉ. आशीष अग्निहोत्री ने कहा कि आज तकनीकी युग में पत्रकारिता के क्षेत्र में चुनौतियां बहुत बढ़ गई हैं। उन्होंने पत्रकारों से सत्यनिष्ठा और कर्तव्यनिष्ठा से कार्य करने का आव्हान किया।

अध्यक्षता करते हुए बुन्देलखण्ड डिग्री कॉलेज के प्राचार्य प्रो. डॉ एस. के. राय ने कहा कि देवर्षि नारद जी द्वारा पृथ्वी लोक, देवलोक से लेकर असुर लोक तक बुद्धिमता से सूचनाओं का आदान-प्रदान लोकहित व समाज हित में करने से प्रेरणा लेकर पत्रकारों को धर्म, न्याय, करूणा के साथ राष्ट्रहित में कर्तव्य पथ पर आगे बढ़ना होगा क्योंकि आज सोशल मीडिया ने तमाम चुनौतियां पैदा कर दी है। पत्रकारों को विभिन्न परिस्थितियों में चुनौतियों का सामना कर आत्मविश्वास और साहस से आगे बढ़ना होगा।

स्मृति चिन्ह भेंट कर अतिथियों का सम्मान उपजा जिलाध्यक्ष सोनिया पांडेय, पत्रकार डॉ राजेश चौरसिया एड.व स्वदेश के संपादक प्रमोद पचौरी ने किया। समारोह में अतिथियों ने वरिष्ठ पत्रकार रामगोपाल शर्मा, रामसेवक अडजरिया, हरी कृष्ण चतुर्वेदी, शीतल तिवारी, रामकुमार साहू को सम्मानित किया। वरिष्ठ पत्रकार महेश पटैरिया ने संचालन किया।
समारोह में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के विभाग प्रचारक मनोज, महानगर सह संघचालक जय सिंह सेंगर, महानगर सायं जिला प्रचारक सचिन, सदर विधायक रवि शर्मा, एमएलसी रमा निरंजन,भाजपा किसान मोर्चा के राष्ट्रीय मंत्री रामनरेश तिवारी,महिला आयोग सदस्य अनुपमा लोधी,पिछड़ा वर्ग आयोग सदस्य कुलदीप, डा संदीप सरावगी, मैथलीशरण मुदगिल,संतराम पेन्टर, अपर्णा वीरांगना,मीडिया क्लब अध्यक्ष मुकेश वर्मा, नेशनल पत्रकार एसोसिएशन के अध्यक्ष अभिनंदन जैन, लक्ष्मी नारायण शर्मा, रोहित झा, दीपक त्रिपाठी, नंदकिशोर नन्दू, सरिता सोनी,आकांक्षा शुक्ला,आशुतोष नायक,धर्मेंद्र कुशवाहा, रवि अगरिया, रानू साहू,दीपक पुरोहित, मनीष अली, बबलू रमैया,वैभव सिंह, रमेश तिवारी, शाश्वत सिंह, आकांक्षा सिंह, योगेश पटैरिया,वासु, शुभम श्रीवास्तव, शुभम साहू, विक्रांत चतुर्वेदी ग्वालियर, अजय समेत महानगर प्रचार विभाग व नगर के दायित्वधारी स्वयंसेवक,आदि उपस्थित रहे। आभार महानगर प्रचार प्रमुख व पीके यूनिवर्सिटी के निदेशक जितेन्द्र मिश्रा ने व्यक्त किया।
