झांसी। झांसी में शुक्रवार को मौसम ने एक बार फिर करवट ली। सुबह से आसमान में बादल छाए हुए हैं और रुक-रुककर हवाएं चल रही हैं। मौसम विभाग ने बारिश को लेकर यलो अलर्ट जारी किया है। आज अधिकतम तापमान 31 डिग्री और न्यूनतम 25 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है। दिनभर धूप के तेवर नरम रहेंगे और कई इलाकों में बीच-बीच में हल्की बारिश हो सकती है।
इससे पहले गुरुवार को भी मौसम विभाग ने यलो अलर्ट जारी किया था, लेकिन अनुमान के मुताबिक बारिश नहीं हुई। हालांकि, पूरे दिन बादल छाए रहे और तापमान 30 से 25 डिग्री सेल्सियस के बीच बना रहा।
शनिवार को सामान्य रहेगा मौसम
मौसम विभाग के मुताबिक शनिवार को मौसम अपेक्षाकृत सामान्य रहने की संभावना है। इस दौरान अधिकतम तापमान 33 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है। इसके बाद रविवार और सोमवार को मौसम में बड़ा बदलाव देखने को मिल सकता है। दोनों दिन झांसी में तेज बारिश के आसार हैं और मौसम विभाग ने यलो अलर्ट जारी किया है।
अगस्त में सामान्य से काफी कम बारिश
मौसम वैज्ञानिक डॉ. ए.के. सिंह के अनुसार, झांसी में अगस्त के दौरान सामान्य तौर पर 250 से 300 मिमी तक बारिश होती है। हालांकि इस बार अगस्त में अब तक 100 मिमी बारिश भी दर्ज नहीं हुई है। उन्होंने बताया कि आने वाले दिनों में मानसून के सक्रिय होने से अच्छी बारिश होने की उम्मीद है।
