100 करोड़ के बहीखाते,50 लाख बैंक खातों में सीज,फार्च्यूनर व 84 हजार बरामद
झांसी। ऑनलाइन क्रिकेट सट्टा माफियाओं के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के दौरान झांसी पुलिस पर बड़ा हमला सामने आया है। कार्रवाई के दौरान सटोरियों ने पुलिस टीम को कुचलने की कोशिश करते हुए फॉर्च्यूनर गाड़ी से टक्कर मार दी, जिसमें चौकी प्रभारी और चालक घायल हो गए। हालांकि पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए मुख्य आरोपी सहित तीन सटोरियों को मौके से गिरफ्तार कर लिया। उनके पास से घटना में प्रयुक्त फार्च्यूनर गाड़ी,84 हजार 500 नगदी व 100 करोड़ के बहीखाते बरामद किए हैं। जबकि गिरोह के 9 अन्य सदस्य फरार हैं।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बीबीजीटीएस मूर्ति ने पत्रकारों को जानकारी देते हुए बताया कि आईपीएल सट्टेबाजी के खिलाफ विशेष अभियान चलाया जा रहा था। इसी दौरान नवाबाद थाना पुलिस को सूचना मिली कि मुस्तरा स्टेशन के पास एक फॉर्च्यूनर गाड़ी में सवार कुछ लोग बड़े स्तर पर ऑनलाइन सट्टा संचालित कर रहे हैं। सूचना पर थाना प्रभारी और विश्वविद्यालय चौकी प्रभारी अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस को देखते ही गाड़ी सवार युवक भागने लगे और घेराबंदी के दौरान उन्होंने पुलिस वाहन को टक्कर मार दी।
घटना में चौकी प्रभारी निखिल कुमार और चालक घायल हो गए, लेकिन पुलिस ने साहस दिखाते हुए तीनों आरोपियों को पकड़ लिया। पूछताछ में उनकी पहचान छनियापुरा निवासी शुभम उपाध्याय, गल्ला मंडी रोड निवासी विजय बाधवा और डडियापुरा निवासी नितिन अग्रवाल के रूप में हुई। इनके पास से मोबाइल फोन, नकदी और इलेक्ट्रॉनिक उपकरण बरामद किए गए हैं।
पुलिस जांच में सामने आया कि शुभम उपाध्याय बुंदेलखंड क्षेत्र में ऑनलाइन सट्टा नेटवर्क का बड़ा नाम है और करोड़ों रुपये इस कारोबार से कमाकर उसने संपत्ति, गाड़ियां और जमीन में निवेश किया है। गिरोह के अन्य 9 सदस्यों की पहचान भी हो चुकी है, जिनकी तलाश जारी है। इस मामले में पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ गैंगस्टर एक्ट, हत्या के प्रयास सहित गंभीर धाराओं में मामला दर्ज किया है, जिनमें आजीवन कारावास तक के कठोर दण्ड का प्राविधान है।
ये हुई बरामदगी
पुलिस ने पकड़े गए सट्टा माफियाओं से 84 हजार पांच सौ रुपए नकद, आठ मोबाइल फोन, पुलिस को कुचलने का प्रयास करने वाली फॉर्च्यूनर गाड़ी, एक टैबलेट, बरामद किया है। पुलिस ने अभी तक इनके लेखे जोखे में सौ करोड़ की अवैध सट्टे से कमाई गई रकम का हिसाब का बहीखाता भी बरामद किया है। इसके अलावा अलग-अलग बैंकों में जमा 50 लाख रुपया सीज कराया है।
ये सटोरियों की है जोरशोर से तलाश
जिन 9 फरार सटोरियों की पुलिस को तलाश है उनमें झांसी के पप्पू ,पंकज राय, सौरभ लिखधारी,आकाश चंचलानी,सुमित साहू,रोशन मुंशी व आशीष उपाध्याय समेत कानपुर निवासी सोनू चड्ढा और हरीश कुमार शामिल हैं।
