साथियों की तलाश,सटोरियों में हड़कम्प
झांसी। झांसी पुलिस ने आईपीएल क्रिकेट सट्टा माफियाओं के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक शातिर आरोपी को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार किया है। नवाबाद पुलिस ने आरोपी के कब्जे से एक करोड़ 56 लाख से अधिक के क्वाइंस, करीब 24 हजार रुपये नकद, चार मोबाइल फोन, तमंचा-कारतूस बरामद किए हैं, वहीं 25 लाख रुपये से अधिक की रकम उसके बैंक खातों में सीज कराई गई है। इस कार्रवाई के बाद ऑनलाइन क्रिकेट सट्टा गिरोहों में हड़कंप मच गया है।
मंगलवार को पुलिस लाइन सभागार में आयोजित प्रेस वार्ता में एसएसपी बीबीजीटीएस मूर्ति ने बताया कि ऑनलाइन सट्टे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत नवाबाद थाना पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि करगुवा रोड स्थित एक बिल्डर के पास एक युवक सट्टे की बुकिंग कर रहा है। सूचना पर पहुंची पुलिस को देखकर आरोपी ने तमंचे से फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने आत्मरक्षा में गोली चलाई और आरोपी को घेरकर गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम विवेक यादव, निवासी डुबकी गांव (बबीना) बताया। उसके पास से कई ऑनलाइन सट्टा वेबसाइट्स संचालित होने के सबूत मिले हैं। पुलिस जांच में सामने आया कि उसके कई बैंक खातों में लेनदेन हो रहा था, जिनमें 25 लाख रुपये सीज कर दिए गए हैं।
आरोपी ने पूछताछ में अपने गिरोह के अन्य सदस्यों के नाम भी उजागर किए हैं, जिनमें सत्येंद्र यादव, धर्मेंद्र साहू, हर्ष साहू, निशांत यादव, अरुण यादव, अंकित यादव, निलेश यादव और कुलदीप दिवाकर शामिल हैं। पुलिस इन सभी फरार आरोपियों की तलाश में जुटी है और जल्द ही पूरे नेटवर्क का खुलासा करने की बात कही जा रही है।
