एक लाख से अधिक की नगदी व 13 मोबाइल फोन बरामद
झांसी। थाना सीपरी बाजार पुलिस ने 15 अप्रैल की रात बड़ी कार्रवाई करते हुए ग्राम भोजला में संचालित जुआ के अड्डे पर छापा मारकर एक दर्जन जुआरियों को गिरफ्तार कर लिया, जबकि पांच आरोपी मौके से फरार हो गए। पुलिस ने मौके से एक लाख 14 हजार 200 रुपये की नकदी, 104 ताश के पत्ते और 13 मोबाइल फोन बरामद किए हैं।
15 अप्रैल की रात करीब 9 बजे थाना सीपरी बाजार प्रभारी निरीक्षक जय प्रकाश चौबे को सूचना मिली कि ग्राम भोजला में संदीप यादव के खेत में बने मकान में अवैध रूप से जुआ खेला जा रहा है। सूचना को गंभीरता से लेते हुए प्रभारी निरीक्षक के नेतृत्व में पुलिस टीम ने मौके पर दबिश दी। अचानक हुई छापेमारी से जुआ खेल रहे लोगों में अफरा-तफरी मच गई।
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने आशु अहिरवार, शैलेंद्र कुमार, हेमंत अहिरवार, सतीश कुशवाहा, राजेंद्र कोरी, राजीव शर्मा, दीपक अहिरवार, रोहित कुमार, हीरा साहू, जमशेर खान, आकाश अहिरवार और आविद खान को गिरफ्तार कर लिया। वहीं जावेद उर्फ छोटू खान, सिंकी यादव, दीपक कुशवाहा, दौलत सिंह कुशवाह और संदीप यादव मौके से फरार हो गए।
पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ जुआ अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर उन्हें न्यायालय में पेश कर दिया है। फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम लगातार दबिश दे रही है।
इस कार्रवाई में प्रभारी निरीक्षक जय प्रकाश चौबे के साथ उपनिरीक्षक अनुराग शर्मा, प्रदीप शर्मा, चन्दन सरोज सहित थाना सीपरी बाजार की पूरी टीम शामिल रही। पुलिस की इस कार्रवाई से क्षेत्र में अवैध गतिविधियों में लिप्त लोगों में हड़कंप मच गया है।
