अपराध नियंत्रण होगी बड़ी चुनौती
झांसी। उत्तर प्रदेश पुलिस महकमे में हुए बड़े प्रशासनिक फेरबदल में 2017 बैच के आईपीएस अधिकारी विकास कुमार को झांसी का नया वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) नियुक्त किया गया है। इससे पहले वह बलरामपुर के पुलिस अधीक्षक के पद पर तैनात थे। शासन के आदेश के बाद अब झांसी की कानून-व्यवस्था और पुलिस प्रशासन की जिम्मेदारी उनके कंधों पर होगी।
28 जुलाई 1987 को जन्मे विकास कुमार मूल रूप से बिहार के भोजपुर जिले के रहने वाले हैं। उन्होंने इलेक्ट्रॉनिक्स एंड कम्युनिकेशन इंजीनियरिंग में बीटेक किया है। वर्ष 2017 में उनका भारतीय पुलिस सेवा में चयन हुआ और 18 दिसंबर 2017 को उन्होंने आईपीएस सेवा ज्वाइन की।
विकास कुमार आगरा में पुलिस उपायुक्त और फतेहगढ़ में पुलिस अधीक्षक की जिम्मेदारी संभाल चुके हैं। जून 2024 में उन्हें बलरामपुर का एसपी बनाया गया था। पुलिस सेवा में उत्कृष्ट कार्य के लिए उन्हें 26 जनवरी 2023 को डीजीपी कमेंडेशन डिस्क सिल्वर और 15 अगस्त 2023 को डीजीपी कमेंडेशन डिस्क गोल्ड से सम्मानित किया जा चुका है।
झांसी में उनकी नई जिम्मेदारी चुनौतीपूर्ण मानी जा रही है।
अपराध नियंत्रण, वांछित अपराधियों की गिरफ्तारी, महिला एवं बाल सुरक्षा, साइबर अपराध पर अंकुश और यातायात व्यवस्था सुधारना उनकी प्रमुख प्राथमिकताओं में शामिल हो सकता है। इसके अलावा पुलिस की त्वरित प्रतिक्रिया व्यवस्था मजबूत करने और आम जनता में पुलिस के प्रति विश्वास बढ़ाना भी उनके सामने अहम चुनौती होगी। बुंदेलखंड के महत्वपूर्ण जिले झांसी में उनके अनुभव की बड़ी परीक्षा होगी।
