डिवाइडर से टकराकर पलटी थी गाड़ी,मुख्यमंत्री ने व्यक्त की शोक संवेदनाएं
मुजफ्फरनगर। उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर जिले में सोमवार तड़के भीषण सड़क हादसा हो गया। पानीपत-खटीमा हाईवे पर डिवाइडर से टकराने के बाद एक कार पलट गई और उसमें आग लग गई। हादसे में कार सवार एक ही परिवार के छह लोगों की जिंदा जलकर मौत हो गई। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया।
जानकारी के अनुसार, हादसा तड़के करीब पांच बजे तितावी थाना क्षेत्र के पास हुआ। कार सवार परिवार हरियाणा के हिसार से हरिद्वार की ओर जा रहा था। इसी दौरान तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गई। टक्कर के बाद कार पलट गई और देखते ही देखते उसमें आग लग गई। आग इतनी भीषण थी कि कार सवार लोगों को बाहर निकलने का मौका तक नहीं मिला।
हाईवे से गुजर रहे राहगीरों ने कार में आग लगी देखकर पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने आग पर काबू पाने की कार्रवाई कर शवों को कब्जे में लिया। फिलहाल मृतकों की पहचान नहीं हो सकी है। कार के रजिस्ट्रेशन नंबर के आधार पर पुलिस परिवार के हरियाणा के हिसार से जुड़े होने की जानकारी जुटा रही है। सीओ फुगाना नरेंद्र यादव ने बताया कि हिसार में रह रहे परिवार से संपर्क करने का प्रयास किया जा रहा है।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने हादसे का संज्ञान लेते हुए मृतकों के परिजनों के प्रति शोक संवेदना व्यक्त की है। उन्होंने अधिकारियों को तत्काल मौके पर पहुंचकर राहत कार्य तेज करने और पीड़ित परिवारों को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं। साथ ही घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की है।
