घटना के बाद आसपास के लोगों ने आरोपी को पकड़ने की कोशिश की, लेकिन वह मौके से फरार हो गया। सूचना मिलने पर परिजन मौके पर पहुंचे और गंभीर हालत में सक्षम को अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी भोले पंजाबी को उसके घर से गिरफ्तार कर लिया है। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि बुधवार को संगम क्षेत्र में उसकी पूजा-पाठ की गुमटी में आग लगाने को लेकर सक्षम से उसका विवाद हुआ था। इसी रंजिश में उसने गुरुवार सुबह उसे बातचीत के बहाने बुलाया और वारदात को अंजाम दे दिया।
मृतक सक्षम पांडा मुट्ठीगंज क्षेत्र के मालवीय नगर का रहने वाला था और घाटों पर पूजा-पाठ कराने का काम करता था। परिजनों के अनुसार, बुधवार रात वह सामान्य था और परिवार के साथ खाना खाने के बाद सो गया था। सुबह किसी का फोन आने के बाद वह घर से निकला और कुछ ही देर में उसकी हत्या की खबर आ गई।
परिजनों ने यह भी आरोप लगाया है कि करीब तीन महीने पहले भी सक्षम पर फायरिंग की गई थी, जिसमें वह और उसका एक साथी घायल हुए थे। इस मामले में आरोपी पक्ष के खिलाफ केस दर्ज हुआ था, जिसमें भोले पंजाबी को जेल भेजा गया था और बाद में वह जमानत पर बाहर आया था।
फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और पुरानी रंजिश को हत्या की मुख्य वजह माना जा रहा है।
