प्रदेश कार्यसमिति में हर वर्ग और क्षेत्र के मुद्दों पर हुआ मंथन
श्रीराम राजा की नगरी के विकास के लिए 100 करोड़ की योजना : हेमंत खण्डेलवाल
ओरछा। श्रीराम राजा की नगरी ओरछा में आयोजित भाजपा की प्रदेश कार्यसमिति की बैठक के समापन पर प्रदेश अध्यक्ष एवं विधायक हेमंत खण्डेलवाल ने प्रेस ब्रीफिंग को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि कार्यसमिति में संगठन और विचारधारा को और मजबूत करने के साथ प्रदेश के हर वर्ग और क्षेत्र के विकास को लेकर व्यापक चिंतन-मंथन हुआ। युवा, महिलाएं, किसान, आदिवासी तथा अनुसूचित जाति-जनजाति वर्गों के साथ उद्योग, रोजगार और विकास से जुड़े मुद्दों पर भी चर्चा की गई।

खण्डेलवाल ने कहा कि भाजपा सेवा, सुशासन और सामाजिक समरसता के आधार पर मध्यप्रदेश को विकसित राज्य बनाने की दिशा में आगे बढ़ेगी। कार्यसमिति में राजनीतिक प्रस्ताव पारित किया गया, जिसमें बुंदेलखंड विकास, गरीब कल्याण, औद्योगिक विकास एवं रोजगार, किसान कल्याण और महिला सशक्तिकरण जैसे विषयों को प्रमुखता दी गई। उन्होंने कहा कि वरिष्ठ नेताओं से मिले मार्गदर्शन को आत्मसात कर कार्यकर्ता संगठन को और मजबूत करने में जुटेंगे।

प्रदेश अध्यक्ष ने बताया कि बैठक में ‘समरसता का संकल्प’ और ‘विकसित भारत-2047’ पर भी विचार-विमर्श हुआ। संत शिरोमणि रविदास महाराज की 650वीं जयंती के अवसर पर चलाए जा रहे समरसता संकल्प अभियान के माध्यम से समानता, भाईचारे और सामाजिक समरसता का संदेश जन-जन तक पहुंचाने का निर्णय लिया गया।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 25 वर्षों के लोकसेवा कार्यकाल के उपलक्ष्य में 17 सितंबर से 18 अक्टूबर तक विभिन्न सेवा कार्यों का अभियान चलाया जाएगा। कार्यकर्ताओं से प्रधानमंत्री के सेवा, सुशासन, आत्मनिर्भरता और राष्ट्र निर्माण के कार्यों को जनता तक पहुंचाने का आह्वान किया गया।
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने सरकार के ढाई वर्ष के कार्यकाल का लेखा-जोखा कार्यसमिति के समक्ष रखा। वर्ष 2026 को कृषक कल्याण वर्ष बताते हुए किसानों की आय, सिंचाई, बिजली और कृषि उत्पादन बढ़ाने पर जोर दिया गया। महिलाओं, शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार, उद्योग, जल संरक्षण, सड़क, पर्यटन और अधोसंरचना के क्षेत्र में किए जा रहे कार्यों की भी जानकारी दी गई। केन-बेतवा परियोजना को बुंदेलखंड के विकास के लिए ऐतिहासिक कदम बताया गया।
खण्डेलवाल ने कहा कि श्रीराम भाजपा के आराध्य हैं और ओरछा की पावन धरती से विकास के नए संकल्प लिए गए हैं। सरकार ने ओरछा के विकास के लिए 100 करोड़ रुपये की योजना बनाई है। संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत कर सेवा और विकास के कार्यों को जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प लिया गया है।
