कहा- एमएलसी चुनाव की तीनों सीटें जीतेंगे, 2027 में कानपुर-बुंदेलखंड की 52 सीटों पर भी विजय का लक्ष्य
झांसी। स्नातक एमएलसी के मतदान के लिए महज 4 दिन शेष हैं। ऐसे में भाजपा अपने प्रत्याशियों को जिताने के लिए पूरी ताकत से जुटी है। एक-एक वोट से संपर्क कर उसे मतदान कराने तक की जिम्मेदारी तय की गई है। इन तैयारियों को लेकर भाजपा के क्षेत्रीय अध्यक्ष रामकिशोर साहू ने विस्तृत चर्चा की। कहा कि कानपुर-बुंदेलखंड क्षेत्र में प्रशासनिक दृष्टि से 14 और संगठनात्मक रूप से 17 जनपद शामिल हैं। इनमें 13 जनपदों में एमएलसी स्नातक एवं शिक्षक विधायक के चुनाव होने हैं। प्रयागराज-झांसी स्नातक एमएलसी चुनाव में भाजपा प्रत्याशी अशोक कुमार राठौर को विजयी बनाने के लिए संगठन पूरी ताकत से जुटा है।उन्होंने विपक्ष पर हमलावर होते हुए बताया कि विपक्ष विपक्ष के लिए परिवार कल्याण जबकि भाजपा के लिए राष्ट्र कल्याण सर्वोपरि है।
तैयारियों को विस्तार से बताते हुए उन्होंने कहा कि भाजपा 365 दिन, 24 घंटे काम करने वाली पार्टी है। प्रत्येक 20 मतदाताओं पर एक कार्यकर्ता को जिम्मेदारी दी गई है। वहीं 100 मतदाताओं पर 10 क्लस्टर बनाए गए हैं। इन क्लस्टरों की जिम्मेदारी ब्लॉक प्रमुखों और नगर पालिका अध्यक्षों को सौंपी गई है। ये पदाधिकारी मतदाताओं से संपर्क करने से लेकर उन्हें मतदान केंद्र तक पहुंचाने और मतदान कराने तक की जिम्मेदारी निभाएंगे।
रामकिशोर साहू ने विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि विपक्ष उद्दंडता की स्थिति में पहुंच गया है। वह स्वतंत्रता को स्वच्छंदता में बदलने का प्रयास कर रहा है। चुनाव आयोग से लेकर देश की विभिन्न संस्थाओं पर प्रश्नचिह्न खड़े किए जा रहे हैं और उच्चतम न्यायालय के फैसलों पर भी सवाल उठाए जा रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि राहुल गांधी, अखिलेश यादव, ममता बनर्जी, अरविंद केजरीवाल, कम्युनिस्ट और अरबन नक्सलाइट मिलकर आंदोलन के आधार पर न्यायालय के फैसले बदलने का प्रयास कर रहे हैं।
उन्होंने कहा कि भाजपा और विपक्ष में अंतर साफ है। भाजपा चुनाव जीतने के बाद नेतृत्व, नीतियों और कार्यकर्ताओं के साथ मिलकर राष्ट्र के विकास में जुटती है। इसी कारण 2027 में कानपुर-बुंदेलखंड में 2017 का प्रदर्शन दोहराया जाएगा।
उन्होंने कहा कि प्रदेश में 11 सीटों पर चुनाव हो रहे हैं, जिनमें कानपुर-बुंदेलखंड क्षेत्र में एक पूर्ण और दो आंशिक समेत तीन सीटें हैं। भाजपा तीनों सीटों पर जीत दर्ज करेगी। सपा के पास कोई मजबूत संगठनात्मक टीम नहीं है और उसके प्रत्याशी भ्रामक प्रचार तथा धन के दुरुपयोग में जुटे हैं।
रामकिशोर साहू ने कहा कि 2027 के विधानसभा चुनाव में कानपुर-बुंदेलखंड की 403 में से 52 सीटों पर भाजपा का लक्ष्य जीत दर्ज करना है। डबल इंजन सरकार के विकास कार्यों को आधार बनाकर जनता के बीच जाएंगे और सभी 52 सीटें जीतने की चुनौती स्वीकार करेंगे। विपक्ष के लिए परिवार का कल्याण प्राथमिकता है, जबकि भाजपा के लिए राष्ट्र का कल्याण सर्वोपरि है। इसी मुद्दे के साथ भाजपा 2027 का विधानसभा और 2029 का लोकसभा चुनाव लड़ेगी।
