झांसी। वैश्विक आर्थिक संकट के बीच प्रधानमंत्री मोदी और सीएम योगी की अपील पर जनप्रतिनिधियों ने पेट्रोल बचाने की ओर कदम बढ़ाने शुरू कर दिए हैं। झांसी के सदर विधायक रवि शर्मा ने शहर भ्रमण के दौरान ईवी स्कूटी के उपयोग का निर्णय लिया है। इतना ही नहीं वे शुक्रवार को स्कूटी पर सवार होकर शहर के कई हिस्सों में भ्रमण पर निकले। इस दौरान विधायक का सुरक्षाकर्मी भी उनके साथ स्कूटी पर पीछे सवार दिखा। विधायक का कहना है कि लंबी दूरी की यात्रा पर ही वे बड़े वाहन का उपयोग करेंगे। स्थानीय कार्यक्रमों में वे ईवी स्कूटी का ही उपयोग करेंगे।
विधायक रवि शर्मा ने कहा कि इस समय विश्व के कई देश युद्ध में हैं। ईंधन की आवाजाही में समस्या है। ऐसे समय में पीएम मोदी ने अपील की है कि ऊर्जा और ईंधन को बचाएं। हम स्वदेशी का अधिक उपयोग करें जिससे विदेशी मुद्राकोष को अधिक समय तक बचाकर रख सकें। इसीलिए पीएम ने सोने की खरीद नहीं करने का आग्रह किया है। पीएम खुद अपनी फ्लीट में सिर्फ दो गाड़ियां लेकर चल रहे हैं। ऐसे में हम लोगों की भी जिम्मेदारी बनती है कि ऊर्जा संरक्षण की ओर कदम बढ़ाएं।
सदर विधायक रवि शर्मा ने कहा कि हमने ईवी स्कूटी का का उपयोग शुरू कर दिया है। शहर के भीतर की यात्रा के लिए ईवी स्कूटी का उपयोग करेंगे। सिर्फ लंबी यात्रा के लिए ही चार पहिया वाहन का इस्तेमाल करेंगे। ऊर्जा और ईंधन की बचत के लिए जो भी तरीके संभव हो, वह हम सभी लोग मिलकर इस संकट के समय में अपनाएंगे।
