झांसी। झांसी में पड़ रही भीषण गर्मी के बीच पंडवाहा गांव में बिजली संकट ने लोगों की मुश्किलें और बढ़ा दी हैं। यहां पिछले एक सप्ताह से ट्रांसफार्मर खराब पड़ा है, जिसके चलते पूरे इलाके में बिजली आपूर्ति ठप हो गई है।
ग्रामीणों के अनुसार, बड़ी माता मंदिर के सामने चरण अहिरवार के मकान के पास लगा 25 केवी का ट्रांसफार्मर खराब होने के बाद से गांव में अंधेरा छाया हुआ है। शिकायत के बावजूद अब तक विद्युत विभाग की ओर से कोई कार्रवाई नहीं की गई है।
बिजली न होने के कारण गांव में पेयजल संकट भी गहरा गया है। हैंडपंप और अन्य साधनों पर निर्भरता बढ़ गई है। भीषण गर्मी और लू के बीच स्थिति इतनी खराब हो गई है कि बच्चों और बुजुर्गों को सबसे ज्यादा परेशानी झेलनी पड़ रही है। रात के समय लोग पंखे और कूलर के बिना जागकर समय बिताने को मजबूर हैं।
ग्रामीणों का कहना है कि लगातार शिकायत के बावजूद विभाग ने ट्रांसफार्मर बदलने या मरम्मत करने की दिशा में कोई कदम नहीं उठाया है। ग्राम प्रधान प्रतिनिधि भूपेन्द्र पटेल होण्डा ने भी बताया कि बिजली विभाग को समस्या से अवगत कराया गया है, लेकिन अब तक कोई समाधान नहीं हुआ।
स्थानीय लोगों कमलेश कुमार, प्यारे लाल, रामू, भगवत और सन्तराम ने जिला प्रशासन से जल्द से जल्द ट्रांसफार्मर बदलकर बिजली आपूर्ति बहाल करने की मांग की है।
