झांसी। मध्यप्रदेश के टीकमगढ़ जनपद के ग्राम जेवर निवासी किसान वीर सिंह ने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) को शिकायती पत्र देकर कटेरा थाना पुलिस के एक उपनिरीक्षक और सिपाही पर गंभीर आरोप लगाए हैं। किसान का आरोप है कि पुलिसकर्मियों ने उसके ट्रैक्टर-ट्रॉली से गोबर की खाद उतरवाकर उसमें अवैध रूप से बालू भरवाई और बाद में उसी वाहन को अवैध खनन के आरोप में सीज कर दिया। शिकायत के साथ उसने एक वीडियो भी प्रस्तुत किया है।
वीर सिंह के अनुसार, 30 जून को वह कटेरा थाना क्षेत्र के ग्राम पतगोवा में अपने मामा के खेत पर ट्रैक्टर-ट्रॉली से गोबर की खाद लेकर जा रहा था। आरोप है कि रास्ते में कटेरा थाने के एक दरोगा और सिपाही बाइक से पहुंचे, जिन्होंने उसके साथ गाली-गलौज की और थप्पड़ मारकर वहां से भगा दिया। किसान का कहना है कि इसके बाद पुलिसकर्मी ट्रैक्टर-ट्रॉली को सुखनई नदी के पास ले गए, जहां अन्य पुलिसकर्मियों की मौजूदगी में उसमें अवैध बालू भर दी गई। उसका दावा है कि उसने पूरी घटना का वीडियो गुप्त रूप से बना लिया। बाद में पुलिस ने उसी ट्रैक्टर-ट्रॉली को अवैध खनन के आरोप में सीज कर दिया।
मामले में जब क्षेत्राधिकारी मऊरानीपुर से जानकारी ली गई तो उन्होंने कहा कि उन्हें इस शिकायत की जानकारी नहीं है। यदि ऐसा कोई वीडियो उपलब्ध कराया गया है तो उसकी जांच कराई जाएगी और जांच में आरोप सही पाए जाने पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
हालांकि, देर शाम सीओ मऊरानीपुर ने कहा कि शिकायतकर्ता द्वारा उपलब्ध कराया गया वीडियो उस ट्रैक्टर-ट्रॉली का नहीं है, जिसे एक दिन पहले अवैध खनन के मामले में सीज किया गया था। फिलहाल पूरे प्रकरण की जांच के बाद ही वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
