झांसी। रोटरी क्लब ऑफ झांसी रानी एवं रोटरी क्लब एलीट के संयुक्त तत्वावधान में 24 और 25 अक्टूबर को राजा गंगाधर राव कला मंच स्थित मुक्ताकाशी मंच पर दशहरा मेले का आयोजन किया जाएगा। 30 वर्षों से आयोजित हो रहे इस मेले को इस बार महिला स्वास्थ्य और कैंसर जांच सुविधाओं के विस्तार से जोड़ा गया है। आयोजन से जुटाए जाने वाले संसाधनों के माध्यम से मेडिकल कॉलेज, झांसी में स्तन कैंसर एवं सर्वाइकल कैंसर की जांच के लिए करीब 30 लाख रुपये की आधुनिक मशीनें उपलब्ध कराने का लक्ष्य रखा गया है।
रोटरी क्लब ऑफ झांसी रानी के अध्यक्ष अतुल अग्रवाल ने प्रेस वार्ता में आयोजन से जुड़ी जानकारी साझा की। उन्होंने बताया कि मेले का उद्देश्य मनोरंजन के साथ सामाजिक सरोकारों को बढ़ावा देना है। कैंसर की समय पर पहचान के लिए बेहतर जांच सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में यह पहल की जा रही है। इससे बुंदेलखंड क्षेत्र की महिलाओं को जांच सुविधाओं का लाभ मिलने की उम्मीद है।
दो दिवसीय मेले में परिवारों के मनोरंजन और सामाजिक सहभागिता के लिए विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। आयोजन का प्रमुख आकर्षण लकी ड्रॉ रहेगा, जिसमें मोटरसाइकिल, इलेक्ट्रिक स्कूटर, फ्रिज, टीवी, कूलर सहित कई आकर्षक पुरस्कार रखे गए हैं। लकी ड्रॉ से प्राप्त राशि का उपयोग कैंसर पीड़ितों की सहायता में योगदान के लिए किया जाएगा।
आयोजकों ने शहरवासियों, सामाजिक संगठनों और व्यापारिक प्रतिष्ठानों से मेले में सहभागिता की अपील की है। उनका कहना है कि उत्सव में भागीदारी के साथ नागरिक महिला स्वास्थ्य और कैंसर पीड़ितों की सहायता के इस अभियान में भी योगदान दे सकते हैं।
प्रेस वार्ता में रोहित माटा, पवित्र खन्ना, आशीष दुबे, डॉ. अभिषेक मिश्रा सहित रोटरी क्लब के अन्य सदस्य और पत्रकार मौजूद रहे।
