झांसी। रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) झांसी स्टेशन पोस्ट ने गढ़मऊ रेलवे स्टेशन पर डीजल तेल चोरी करने वाले संगठित गिरोह का पर्दाफाश करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे और निशानदेही से करीब 300 लीटर चोरी का डीजल बरामद किया गया। गिरफ्तार आरोपियों में धीरज उर्फ धीरू निवासी लकारा, नीरज कुशवाहा निवासी कारारी, दीपक राजपूत निवासी दिनारा और धर्मेंद्र उर्फ रामवीर निवासी रुद्र करारी शामिल हैं।
आरपीएफ ने पूर्व में गिरफ्तार आरोपियों को न्यायालय से कस्टडी रिमांड पर लेकर पूछताछ की। पूछताछ में मिली जानकारी और आरोपियों की निशानदेही पर चोरी का डीजल खरीदने वाले एक अन्य आरोपी को भी गिरफ्तार किया गया। इससे पहले 29 जुलाई 2026 को गिरोह के एक अन्य सदस्य को गिरफ्तार किया जा चुका था। लगातार कार्रवाई से पूरे गिरोह का खुलासा हुआ।
कार्रवाई में उप निरीक्षक जितेंद्र यादव, हरिओम सिकरवार, अंकित कुमार (अपराध शाखा), प्रधान आरक्षक विक्रम सिंह यादव, रवि यादव तथा आरक्षक विकास गुर्जर, रवि त्रिपाठी और संतोष कुमार शामिल रहे। कार्रवाई उत्तर मध्य रेलवे के प्रधान मुख्य सुरक्षा आयुक्त प्रदीप कुमार गुप्ता के नेतृत्व और झांसी मंडल के वरिष्ठ मंडल सुरक्षा आयुक्त जितेंद्र कुमार शर्मा के निर्देशन में की गई।
