1975 में लागू आपातकाल के दौरान लोकतंत्र सेनानियों ने साझा किए अपने अनुभव
झांसी। भारतीय जनता पार्टी झांसी महानगर द्वारा गुरुवार को डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी भवन स्थित जिला कार्यालय में संविधान हत्या दिवस के अवसर पर आपातकाल की 51वीं वर्षगांठ पर एक संगोष्ठी एवं सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता भाजपा जिलाध्यक्ष सुधीर सिंह ने की। इस दौरान आपातकाल के दौरान संघर्ष करने वाले लोकतंत्र सेनानियों, समाजसेवियों, चिकित्सकों, वरिष्ठ पत्रकारों एवं उत्कृष्ट खिलाड़ियों को सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम के प्रारंभ में लोकतंत्र सेनानियों ने वर्ष 1975 में लागू आपातकाल के दौरान अपने संघर्षों और अनुभवों को साझा किया। लोकतंत्र सेनानी वीरेन्द्र साहू ने 25 जून 1975 की उस रात का उल्लेख करते हुए कहा कि तत्कालीन कांग्रेस सरकार ने लोकतांत्रिक मूल्यों का हनन करते हुए अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता पर अंकुश लगाया और अनेक निर्दोष लोगों को जेलों में बंद कर दिया। उन्होंने कहा कि उस दौर की घटनाएं लोकतंत्र के इतिहास का महत्वपूर्ण अध्याय हैं, जिन्हें भुलाया नहीं जा सकता। अन्य वक्ताओं ने भी आपातकाल के दौरान हुए घटनाक्रम और उसके दूरगामी प्रभावों पर प्रकाश डाला।
कार्यक्रम में साहित्यकार अर्जुन सिंह चांद, कवि संजीव दुबे, रमेश पाठक सहित अन्य रचनाकारों ने अपनी साहित्यिक एवं काव्य प्रस्तुतियों के माध्यम से राष्ट्रभक्ति, लोकतांत्रिक मूल्यों और सामाजिक समरसता का संदेश दिया। उनकी प्रस्तुतियों को उपस्थित लोगों ने सराहा।

अपने अध्यक्षीय संबोधन में भाजपा जिलाध्यक्ष सुधीर सिंह ने कहा कि 25 जून 1975 भारतीय लोकतंत्र का काला अध्याय है। उन्होंने कहा कि आपातकाल के दौरान संविधान की मूल भावना और नागरिकों के मौलिक अधिकारों का दमन किया गया। प्रेस की स्वतंत्रता पर प्रतिबंध लगाए गए और राजनीतिक विरोधियों को जेलों में डाल दिया गया। उन्होंने कहा कि नई पीढ़ी को आपातकाल की वास्तविकता और लोकतंत्र की रक्षा के महत्व से अवगत कराना समय की आवश्यकता है।
लोकतंत्र सेनानी रामसेवक अड़जरिया ने भी अपने अनुभव साझा करते हुए उस दौर की चुनौतियों और संघर्षों का उल्लेख किया। कार्यक्रम में एमएलसी डॉ. बाबूलाल तिवारी, प्रदीप सरावगी, मुकेश वीरेन्द्र साहू, ब्रजलता मिश्रा, रानू देवलिया, विनोद नायक, विनीत खटीक एवं मनोज श्रीवास मंचासीन रहे।
कार्यक्रम का संचालन रानू देवलिया ने किया तथा आभार प्रदर्शन मनोज श्रीवास ने व्यक्त किया। समारोह में काशीराम कुशवाहा, डॉ. अनिल कंचन, ओमप्रकाश शर्मा, नंदकिशोर भिलवारे, डॉ. प्रमोद गुप्ता, मृदुलकांत श्रीवास्तव सहित बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी, कार्यकर्ता, लोकतंत्र सेनानी एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
