झांसी। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के 21 जून को झांसी आगमन एवं किला पार्क में आयोजित अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस कार्यक्रम के मद्देनजर प्रशासन एवं पुलिस विभाग ने विशेष वाहन पार्किंग व्यवस्था निर्धारित की है। कार्यक्रम में शामिल होने वाले जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, मीडिया कर्मियों एवं आम नागरिकों के लिए अलग-अलग पार्किंग स्थल चिन्हित किए गए हैं।
जारी व्यवस्था के अनुसार एलवीएम कॉलेज परिसर में बनाई गई पार्किंग (P-1) प्रशासनिक अधिकारियों, पुलिस अधिकारियों तथा मीडिया कर्मियों के वाहनों के लिए आरक्षित रहेगी। वहीं द फोर्ट व्यू कैफे के सामने तथा गांधी भवन के समीप स्थित रिक्त स्थल को पार्किंग (P-2) के रूप में चिन्हित किया गया है, जहां सांसद, विधायक एवं अन्य जनप्रतिनिधियों के वाहन खड़े किए जाएंगे।
योग कार्यक्रम में भाग लेने वाले आम नागरिकों के लिए एसपीआई इंटर कॉलेज परिसर में पार्किंग (P-3) की व्यवस्था की गई है। इसके अलावा मुक्ताकाशी मंच पार्किंग (P-4) को भारी बसों के लिए निर्धारित किया गया है। बसों से आने वाले प्रतिभागी विपिन रावत पार्क के समीप उतरकर पैदल योग स्थल किला पार्क तक पहुंचेंगे।
झांसी पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि वे निर्धारित पार्किंग स्थलों का ही उपयोग करें तथा सुगम यातायात एवं व्यवस्थित कार्यक्रम संचालन में प्रशासन का सहयोग करें।
