पुलिस से बचने को मृतका का चेहरा कुचला, भूसे में दबाकर मासूम की लाश को जलाया
घटना में प्रयुक्त बाइक, मोबाइल,तमंचा-कारतूस बरामद
झांसी। लहचूरा थाना क्षेत्र में बीते दिनों महिला मित्र और उसके मासूम बेटे की निर्मम हत्या करने वाले हत्यारोपी का बुधवार देर रात पुलिस से आमना-सामना हो गया। मुठभेड़ के दौरान पुलिस की जवाबी कार्रवाई में आरोपी के पैर में गोली लग गई, जिससे वह घायल हो गया। पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया है। उसके कब्जे से घटना में प्रयुक्त बाइक, तमंचा, कारतूस और 2 मोबाइल फोन बरामद किये हैं। साक्ष्य मिटाने के लिए हत्यारोपी ने महिला मित्र के चेहरे को पत्थर से कुचलकर बर्बाद किया और भूसे में दबी मासूम की लाश को जला दिया था।

एसपी ग्रामीण डॉ. अरविंद कुमार ने बताया कि लहचूरा थाना क्षेत्र के ग्राम बरौठा में 5 अप्रैल को ग्राम प्रधान रामप्रसाद ने सड़क किनारे एक महिला का शव पड़े होने की सूचना दी थी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर फोरेंसिक टीम की मदद से साक्ष्य जुटाए और जांच शुरू की। जांच के दौरान मृतका की पहचान नीलू देवी निवासी गुड़गांव के रूप में हुई, जो अपने तीन वर्षीय पुत्र कृष्णा के साथ ग्राम बरौटा निवासी चतुर्भुज उर्फ दीपक पटेल के पिछले 6 माह से संपर्क में थी।

पुलिस जांच में सामने आया कि नीलू और दीपक के बीच पिछले छह माह से संबंध थे। नीलू का पति गुजरात में काम करता था। इसके चलते दीपक व नीलू के बीच अफेयर हो गया था। 1 अप्रैल को दीपक उसे गुड़गांव से अपने साथ लेकर बरौटा आया था। 2 अप्रैल की रात दोनों के बीच विवाद हुआ, जब नीलू ने अपने पति के पास वापस जाने की बात कही। इसी बात से नाराज होकर दीपक ने गुस्से में कुल्हाड़ी से नीलू के सिर पर कई वार कर उसकी हत्या कर दी। शोर सुनकर जागे मासूम कृष्णा को भी आरोपी ने नहीं बख्शा और उसे भी मौत के घाट उतार दिया।
हत्या के बाद आरोपित ने दोनों शवों को छिपाने का प्रयास किया। 4 अप्रैल की रात वह शवों को बाइक से ले जाकर महिला का चेहरा पत्थर से कुचलकर शव सड़क किनारे फेंक आया, जबकि बच्चे के शव को भूसे के ढेर में छिपा दिया और जब नीलू की लाश बरामद हो गई तो साक्ष्य मिटाने के लिए भूसे के ढेर में आग लगाकर उसे जला दिया।
एसएसपी बीबीजीटीएस मूर्ति के निर्देश पर गठित टीम ने सर्विलांस के जरिए आरोपी की तलाश शुरू की। देर रात नहर के पास पुलिस और स्वाट टीम का सामना आरोपी से हो गया। खुद को घिरता देख उसने पुलिस पर फायरिंग कर दी। जिसमें एक गोली लहचूरा थानाध्यक्ष सरिता मिश्रा की बुलेटप्रूफ जैकेट में जा लगी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने उसे घायल कर दबोच लिया। पुलिस मामले की आगे की जांच कर रही है।
