जालौन । उत्तर प्रदेश के जालौन जिले में शिक्षा को लेकर एक अनोखी और प्रेरणादायक पहल सामने आई है। जालौन तहसील के ग्राम छानी स्थित प्राथमिक विद्यालय में पांच बुजुर्गों ने विधिवत स्कूल में प्रवेश लेकर पढ़ाई शुरू की।
यह पहल ज्वाइंट मजिस्ट्रेट IAS रिंकू सिंह राही की प्रेरणा से शुरू हुई, जिसका उद्देश्य उन लोगों को शिक्षा से जोड़ना है जो किसी कारणवश बचपन में पढ़ाई नहीं कर पाए थे।
मंगलवार को ये बुजुर्ग छात्र स्कूल ड्रेस पहनकर, हाथों में बस्ता लेकर विद्यालय पहुंचे। स्कूल परिसर में उनका फूल-मालाओं से स्वागत किया गया। इस दौरान माहौल भावुक और उत्साहपूर्ण रहा।
विद्यालय में बुजुर्गों को बच्चों के साथ बैठाकर पढ़ाई कराई गई, जहां शिक्षकों ने उन्हें अक्षर ज्ञान और बुनियादी पढ़ाई की शुरुआत कराई। पहली बार कॉपी-पेन से लिखते हुए बुजुर्गों के चेहरे पर सीखने की खुशी साफ दिखाई दी।
ग्रामीणों के अनुसार, यह कदम समाज में शिक्षा के प्रति नई सोच और सकारात्मक बदलाव लाने की दिशा में महत्वपूर्ण है। वहीं शिक्षकों ने भी कहा कि सीखने की कोई उम्र नहीं होती और यह पहल दूसरों के लिए प्रेरणा बनेगी।
इस दौरान बच्चों ने भी तालियां बजाकर बुजुर्ग विद्यार्थियों का उत्साह बढ़ाया, जिससे पूरा विद्यालय प्रेरणादायक माहौल में बदल गया।
