221 रन के बड़े लक्ष्य का पीछा करने उतरी सेंट्रल दिल्ली किंग्स की शुरुआत उम्मीद के मुताबिक नहीं रही। कप्तान यश धुल महज एक रन बनाकर पवेलियन लौट गए। इसके बाद सिद्धार्थ जून ने तेजी से रन बनाने की कोशिश की और 14 गेंदों में 26 रन बनाए लेकिन अपनी पारी को बड़ी पारी में तब्दील नहीं कर सके। जोंटी सिद्धू ने भी 13 गेंदों में 5 चौकों की मदद से 24 रन की तेज पारी खेली। शुरुआती झटकों के बीच केशव डब्बास ने पारी को संभालने की कोशिश की और 27 गेंदों में 39 रन बनाकर टीम को मुकाबले में बनाए रखा।
इसके बाद नंबर तीन पर बल्लेबाजी करने आए युगल सैनी ने पूरी जिम्मेदारी अपने कंधों पर ले ली। उन्होंने शुरुआत से ही आक्रामक अंदाज अपनाया और साउथ दिल्ली के गेंदबाजों पर लगातार दबाव बनाया। युगल ने सिर्फ 45 गेंदों में 91 रन ठोक दिए। उनकी पारी में 9 चौके और 6 छक्के शामिल रहे। उन्होंने मैदान के चारों ओर शॉट लगाते हुए सेंट्रल दिल्ली को लक्ष्य के बेहद करीब पहुंचा दिया। युगल सैनी अपने शतक से महज 9 रन दूर रह गए और उनकी पारी खत्म होने के बावजूद टीम ने मुकाबले पर पकड़ बनाए रखी।
अंत में वंश बेदी ने तेजी से रन बनाते हुए टीम को जीत तक पहुंचाया। उन्होंने केवल 13 गेंदों का सामना किया और 4 चौकों की मदद से नाबाद 21 रन बनाकर सेंट्रल दिल्ली की जीत सुनिश्चित कर दी। साउथ दिल्ली की ओर से अंशुमन हुड्डा सबसे सफल गेंदबाज रहे और उन्होंने 3 विकेट हासिल किए, लेकिन सेंट्रल दिल्ली के बल्लेबाजों को लक्ष्य तक पहुंचने से नहीं रोक सके।
इससे पहले साउथ दिल्ली सुपरस्टार्स ने टॉस के बाद बल्लेबाजी करते हुए 220 रन का मजबूत स्कोर बनाया था। हालांकि टीम की शुरुआत अच्छी नहीं रही और अनमोल शर्मा केवल 6 रन बनाकर आउट हो गए। सनत सांगवान ने 23 गेंदों में 38 रन बनाए। उनकी पारी में 3 चौके और 3 छक्के शामिल रहे। कप्तान आयुष बदोनी ने भी आक्रामक बल्लेबाजी की और केवल 25 गेंदों में 44 रन ठोक दिए। उन्होंने 6 चौके और 2 छक्के लगाए। प्रणव पंत ने 19 गेंदों में 29 रन बनाकर टीम के स्कोर को गति दी।
साउथ दिल्ली के लिए सबसे विस्फोटक पारी तेजस्वी दहिया ने खेली। उन्होंने महज 31 गेंदों में 69 रन की आतिशी पारी खेली। तेजस्वी ने इस दौरान 8 छक्के और एक चौका लगाया। उनके लगातार बड़े शॉट्स ने सेंट्रल दिल्ली के गेंदबाजों पर दबाव बढ़ा दिया। करन गर्ग ने भी आखिरी ओवरों में तेजी से रन जोड़े और 9 गेंदों में नाबाद 19 रन बनाकर टीम को 220 रन के बड़े स्कोर तक पहुंचाया।
गेंदबाजी में सेंट्रल दिल्ली की ओर से मनी ग्रेवाल ने 26 रन देकर 2 विकेट हासिल किए। गवनीश खुराना ने भी 2 विकेट अपने नाम किए। इसके बावजूद साउथ दिल्ली के बल्लेबाजों ने अंतिम ओवरों में तेजी से रन बनाकर मजबूत स्कोर खड़ा किया। लेकिन युगल सैनी की धमाकेदार बल्लेबाजी के सामने यह लक्ष्य भी छोटा साबित हुआ और सेंट्रल दिल्ली किंग्स ने रोमांचक मुकाबले में 4 विकेट से जीत दर्ज कर ली।
