दरअसल घर में कंटेस्टेंट्स के बीच एक दूसरे को डिस करने का टास्क रखा गया था। इसी दौरान रीति तिवारी और उदिति सिंह के बीच मुकाबला होना था। हालांकि उदिति के पीछे हटने के बाद काजी तौकीर इस मुकाबले में सामने आए। टास्क के दौरान दोनों पक्षों के बीच तीखी नोकझोंक हुई और माहौल लगातार गरमाता चला गया।
आरोप है कि इस दौरान रीति ने उदिति और काजी के खिलाफ ऐसी भाषा का इस्तेमाल किया जिसे शो के प्रसारण के दौरान म्यूट करना पड़ा। इस पर घर के अंदर भी मामला बढ़ गया। अपनी सफाई में रीति ने कहा कि उनके शब्दों का इस्तेमाल टास्क के दौरान राइमिंग के लिए किया गया था और उन्हें सामान्य स्लैंग की तरह इस्तेमाल किया गया।
मामला यहीं खत्म नहीं हुआ। एक अन्य टास्क के दौरान रीति और काजी के बीच फिर से तनाव देखने को मिला। इस दौरान रीति ने काजी को उनके पिता का हवाला देते हुए चेतावनी दी। इसके बाद घर का माहौल और ज्यादा गरमा गया। इस पूरे घटनाक्रम को लेकर दर्शकों की प्रतिक्रियाएं भी सामने आईं।
अब वीकेंड का वार के प्रोमो में सलमान खान इस मामले पर अपनी बात रखते नजर आ रहे हैं। प्रोमो में सलमान ने रीति के व्यवहार को लेकर सवाल उठाया और कहा कि बदतमीजी की भी एक सीमा होती है। उन्होंने यह भी इशारा किया कि घर के बाकी सदस्य भी रीति को उकसाने में भूमिका निभा रहे थे।
सलमान खान ने आसिफ खान से भी सवाल किया कि अगर इसी तरह की बात उनकी अपनी बहन के लिए कही गई होती तो क्या वह इसे आसानी से स्वीकार कर लेते। सलमान के इस सवाल के बाद शो में मौजूद कंटेस्टेंट्स का रिएक्शन भी देखने लायक रहा।
Bigg Boss में अक्सर टास्क के दौरान प्रतियोगियों के बीच बहस देखने को मिलती है लेकिन कई बार बात निजी टिप्पणियों और आपत्तिजनक भाषा तक पहुंच जाती है। ऐसे मामलों में वीकेंड का वार में सलमान खान कंटेस्टेंट्स के व्यवहार पर सवाल उठाते रहे हैं। इस बार भी रीति तिवारी से जुड़े विवाद को लेकर सलमान का रुख प्रोमो में सख्त नजर आ रहा है।
अब यह देखना दिलचस्प होगा कि वीकेंड का वार के पूरे एपिसोड में सलमान खान रीति तिवारी को क्या कहते हैं और रीति इस फटकार पर किस तरह अपनी सफाई देती हैं। साथ ही काजी तौकीर और उदिति सिंह के साथ आगे उनके रिश्ते किस दिशा में जाते हैं यह भी शो के आने वाले एपिसोड में देखने को मिलेगा।
