TRAI के अनुसार 1600 सीरीज के नंबर विशेष रूप से बैंकों बीमा कंपनियों भारतीय रिजर्व बैंक SEBI IRDAI PFRDA और विभिन्न सरकारी विभागों द्वारा उपयोग किए जाते हैं। इन नंबरों से ग्राहकों को बैंक ट्रांजैक्शन की जानकारी OTP KYC अपडेट खाते से जुड़े अलर्ट बीमा सेवाओं और सरकारी योजनाओं से संबंधित महत्वपूर्ण सूचनाएं भेजी जाती हैं। यदि कोई व्यक्ति इन नंबरों को ब्लॉक कर देता है तो वह कई जरूरी सूचनाओं से वंचित रह सकता है जिससे वित्तीय या प्रशासनिक परेशानी भी हो सकती है।
वहीं 140 सीरीज के नंबरों का उपयोग प्रमोशनल और मार्केटिंग कॉल के लिए किया जाता है। हालांकि यह भी पूरी तरह अनियंत्रित नहीं होते। यदि किसी उपभोक्ता ने DND सेवा के तहत किसी विशेष श्रेणी की प्रमोशनल कॉल प्राप्त करने की अनुमति दी है तो उसी आधार पर 140 सीरीज से कॉल की जाती है। ऐसे में इन सभी नंबरों को एक साथ स्पैम घोषित करना उचित नहीं माना जा सकता।
TRAI ने स्पष्ट किया है कि हाल के दिनों में सोशल मीडिया और विभिन्न प्लेटफॉर्म पर 140 और 1600 सीरीज के नंबरों को लेकर कई तरह की गलत जानकारियां फैल रही थीं। इसी भ्रम को दूर करने के लिए यह स्पष्टीकरण जारी किया गया है ताकि लोग जरूरी कॉल को गलती से ब्लॉक न करें और महत्वपूर्ण सेवाओं का लाभ समय पर मिलता रहे।
इस पूरे मामले में कॉल मैनेजमेंट एप्स भी चर्चा में हैं। Truecaller Hiya और Whoscall जैसे कई एप्स कुछ मामलों में 140 और 1600 सीरीज के नंबरों को स्पैम के रूप में दिखा रहे हैं। TRAI का मानना है कि इस तरह की टैगिंग से लोगों में भ्रम की स्थिति पैदा हो रही है। इसी वजह से TRAI ने सूचना प्रौद्योगिकी कानून के तहत अधिकृत एजेंसी का दर्जा मांगा है ताकि जरूरत पड़ने पर ऐसे प्लेटफॉर्म को नोटिस जारी कर नियमों का पालन सुनिश्चित कराया जा सके। बताया जा रहा है कि इस प्रस्ताव को इलेक्ट्रॉनिक्स और सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालय की सैद्धांतिक सहमति भी मिल चुकी है।
दूसरी ओर Truecaller ने भी अपना पक्ष रखा है। कंपनी का कहना है कि केवल 140 या 1600 सीरीज का नंबर होने भर से किसी कॉल को पूरी तरह भरोसेमंद नहीं माना जा सकता। कंपनी के आंकड़ों के अनुसार पिछले आठ महीनों में उपयोगकर्ताओं ने 140 सीरीज की लगभग 81 प्रतिशत और 1600 सीरीज की करीब 79 प्रतिशत कॉल का जवाब नहीं दिया। इससे साफ है कि लोग अनजान नंबरों को लेकर पहले से अधिक सतर्क हो गए हैं।
ऐसे में विशेषज्ञों की सलाह है कि किसी भी नंबर को ब्लॉक करने से पहले यह जरूर जांच लें कि वह बैंक सरकारी विभाग या किसी अधिकृत संस्था से जुड़ा तो नहीं है। थोड़ी सी सावधानी आपको जरूरी सूचना छूटने और संभावित नुकसान से बचा सकती है।
