स्प्लिट एसी में दो यूनिट होती हैं एक इनडोर और एक आउटडोर। इसका कंप्रेसर बाहर होने की वजह से कमरे में शोर नहीं होता और बड़े कमरों में इसकी कूलिंग बेहतर रहती है। हालांकि, इसकी इंस्टॉलेशन जटिल होती है और इसमें लंबी कॉपर पाइपलाइन लगती है। अगर इंस्टॉलेशन सही तरीके से न हो या समय पर सर्विस न कराई जाए, तो गैस लीक और शॉर्ट सर्किट का खतरा बढ़ सकता है।
वहीं विंडो एसी एक सिंगल यूनिट होता है, जिसे लगाना आसान और सस्ता होता है। इसकी बनावट कॉम्पैक्ट होती है, जिससे गैस लीक या इलेक्ट्रिकल फॉल्ट की संभावना कम रहती है। हालांकि, यह थोड़ा ज्यादा शोर करता है और कूलिंग स्प्लिट एसी के मुकाबले धीमी हो सकती है।
सुरक्षा की बात करें तो विंडो एसी में पाइपलाइन छोटी होती है और वायरिंग भी सीमित रहती है, जिससे शॉर्ट सर्किट और ब्लास्ट जैसी घटनाओं का जोखिम कम होता है। इसके मुकाबले स्प्लिट एसी में लंबी पाइपलाइन और अलग यूनिट्स होने की वजह से तकनीकी गड़बड़ी की संभावना ज्यादा रहती है, खासकर जब इंस्टॉलेशन या मेंटेनेंस में लापरवाही हो।
एक्सपर्ट्स का मानना है कि एसी कोई भी हो, सही इस्तेमाल और समय पर सर्विस सबसे जरूरी है। लगातार 24 घंटे एसी चलाने से बचना चाहिए, नियमित सर्विस करानी चाहिए और वोल्टेज की समस्या वाले इलाकों में स्टेबलाइजर का इस्तेमाल करना चाहिए। अगर एसी से गैस लीक या अजीब आवाज जैसी समस्या आए, तो तुरंत उसे बंद कराकर ठीक कराना जरूरी है।
कुल मिलाकर, अगर प्राथमिकता सुरक्षा है तो विंडो एसी बेहतर विकल्प माना जा सकता है, जबकि बेहतर कूलिंग और कम शोर के लिए स्प्लिट एसी चुना जा सकता है—लेकिन सही इंस्टॉलेशन और मेंटेनेंस के बिना दोनों ही जोखिम भरे हो सकते हैं।
