रिपोर्ट के अनुसार, भारतीय कंप्यूटर इमरजेंसी रिस्पांस टीम (CERT-In) ने Samsung के Knox सिक्योरिटी फ्रेमवर्क में एक हाई-सीवियरिटी सुरक्षा खामी को लेकर अलर्ट जारी किया है। Samsung Knox, गैलेक्सी डिवाइस में मौजूद एक इनबिल्ट सिक्योरिटी सिस्टम है, जो डिवाइस, ऐप्स और यूजर्स के संवेदनशील डेटा को सुरक्षा प्रदान करता है।
किन डिवाइस पर खतरा ज्यादा
एडवाइजरी के मुताबिक यह सुरक्षा खामी उन Samsung डिवाइस को प्रभावित कर सकती है जो Android 13, Android 14, Android 15 और Android 16 पर चल रहे हैं और जिनमें जनवरी 2026 के सिक्योरिटी मेंटेनेंस रिलीज (SMR Jan-2026 Release 1) से पहले का सॉफ्टवेयर इंस्टॉल है।
यह खामी Samsung Knox के PROCA ड्राइवर में मौजूद एक बग के कारण बताई गई है।
क्या हो सकता है खतरा
CERT-In की रिपोर्ट में बताया गया है कि इस खामी का फायदा उठाकर हैकर्स डिवाइस में मैलिशियस कोड रन कर सकते हैं, सुरक्षा सिस्टम को बायपास कर सकते हैं और अनधिकृत रूप से फोन तक पहुंच हासिल कर सकते हैं। गंभीर स्थिति में डिवाइस का पूरा नियंत्रण भी हमलावरों के हाथ में जा सकता है।
सरकारी एजेंसी ने इस जोखिम को “हाई सीवियरिटी” कैटेगरी में रखा है और कहा है कि इससे डेटा चोरी और सिस्टम से छेड़छाड़ जैसी समस्याएं हो सकती हैं।
हालांकि, इस खामी का फायदा उठाने के लिए डिवाइस तक लोकल एक्सेस की आवश्यकता होती है, फिर भी यूजर्स को सावधानी बरतने और तुरंत अपडेट करने की सलाह दी गई है।
कितने यूजर्स प्रभावित हैं, जानकारी नहीं
रिपोर्ट में यह भी बताया गया है कि Samsung की ओर से अभी तक यह स्पष्ट नहीं किया गया है कि भारत या वैश्विक स्तर पर कितने डिवाइस इस समस्या से प्रभावित हो सकते हैं।
यूजर्स के लिए जरूरी सलाह
सुरक्षा विशेषज्ञों के अनुसार, इस तरह के साइबर जोखिम से बचने का सबसे आसान तरीका डिवाइस को अपडेट रखना है। यूजर्स अपने फोन में जाकर
Settings → Software Update → Download and Install के जरिए लेटेस्ट अपडेट चेक और इंस्टॉल कर सकते हैं।
समय पर अपडेट करने से संभावित साइबर हमलों और डेटा चोरी के खतरे को काफी हद तक कम किया जा सकता है।
