नई दिल्ली। एलजी इलेक्ट्रॉनिक्स इंडिया लिमिटेड ने सेमी-ऑटोमैटिक वाशिंग मशीन की नई रेंज पेश की है। 8 से 12 किलोग्राम क्षमता वाली इस रेंज में कुल 15 मॉडल शामिल हैं। कंपनी के मुताबिक, नई वाशिंग मशीनों में बेहतर वाशिंग परफॉरमेंस, स्मार्ट सुविधाओं, टिकाऊपन और प्रीमियम डिजाइन पर विशेष ध्यान दिया गया है। कंपनी 2027 से AX सेमी-ऑटोमैटिक वाशिंग मशीनों का दुनिया के 10 से अधिक देशों में निर्यात शुरू करने की योजना बना रही है।
कंपनी के अनुसार, नई रेंज को कपड़ों में डिटर्जेंट रह जाने, लिंट, जिद्दी दाग, कपड़ों के धीरे सूखने और कमजोर ढक्कन जैसी रोजमर्रा की समस्याओं को ध्यान में रखकर विकसित किया गया है। इसमें व्यावहारिक इनोवेशन के साथ आकर्षक डिजाइन दिया गया है, जिससे कपड़े धोने की प्रक्रिया को आसान और प्रभावी बनाया जा सके।
एलजी इलेक्ट्रॉनिक्स इंडिया लिमिटेड के होम अप्लायंसेज सॉल्यूशन सेल्स डिवीजन के प्रमुख यंग मिन ह्वांग ने कहा कि नई सेमी-ऑटोमैटिक वाशिंग मशीन रेंज उन ग्राहकों को ध्यान में रखकर तैयार की गई है, जो रोजमर्रा की लॉन्ड्री प्रक्रिया में बेहतर अनुभव चाहते हैं। इसमें एलजी की तकनीक, टिकाऊ इंजीनियरिंग, प्रीमियम डिजाइन और स्मार्ट फीचर्स को एक साथ शामिल किया गया है।
डुअल स्पिन शावर और रोलर जेट पल्सेटर+
नई रेंज में डुअल स्पिन शावर प्रमुख फीचर है। इसमें दो शक्तिशाली वॉटर इनलेट्स के जरिए कपड़ों से डिटर्जेंट को अधिक प्रभावी ढंग से निकालने में मदद मिलती है। वहीं, व्हेल की पूंछ से प्रेरित रोलर जेट पल्सेटर+ पानी के प्रवाह को गतिशील बनाता है। कंपनी का कहना है कि इससे कपड़ों का बेहतर सर्कुलेशन होता है और फैब्रिक की देखभाल के साथ जिद्दी गंदगी हटाने में मदद मिलती है।
वाशिंग मशीनों में अल्ट्रा स्क्रब वॉल भी दी गई है, जिसे कफ, कॉलर और अधिक गंदे हिस्सों पर जमी गंदगी को हटाने के लिए विशेष स्क्रब पैटर्न के साथ डिजाइन किया गया है। स्मार्ट फिल्टर वाश साइकिल के दौरान लिंट को पकड़ता है और इसे निकालकर साफ करना भी आसान है।
विंड जेट ड्राई+ से तेजी से सुखाने का दावा
कंपनी ने इस सीरीज में विंड जेट ड्राई+ फीचर भी दिया है। यह स्पिनिंग के दौरान अतिरिक्त नमी को हटाने के लिए एयरफ्लो का इस्तेमाल करता है, जिससे कपड़ों को तेजी से सुखाने में मदद मिलती है। इसके अलावा, 3+1 वाश प्रोग्राम्स और अतिरिक्त सुरक्षा व टिकाऊपन के लिए रैट अवे टेक्नोलॉजी भी दी गई है।
डिजाइन के स्तर पर नई रेंज में बॉक्स-टाइप बॉडी, बोल्ड पैटर्न और टिकाऊ नॉब्स दिए गए हैं। इसमें ओनिक्स ब्लैक, मिडल ब्लैक और बरगंडी जैसे कलर विकल्प मिलेंगे। चुनिंदा मॉडल टफन ग्लास लिड और सॉफ्ट-क्लोजिंग मैकेनिज्म के साथ उपलब्ध होंगे। कंपनी के अनुसार, इससे टिकाऊपन और शांत संचालन के साथ प्रीमियम अनुभव मिलता है।
ग्रेटर नोएडा की स्मार्ट फैक्ट्री में निर्माण
नई वाशिंग मशीन रेंज का निर्माण एलजी की ग्रेटर नोएडा स्थित फैसिलिटी में किया गया है। कंपनी के मुताबिक, यह उसकी इंडस्ट्री 5.0-केंद्रित स्मार्ट फैक्ट्रियों में शामिल है। यहां एआई-सक्षम स्मार्ट फैक्ट्री ऑपरेशन्स, ऑटोमेशन, रोबोटिक्स, हाई-प्रिसिजन मैन्युफैक्चरिंग और लॉजिस्टिक्स के लिए एजीवी (AGVs) जैसी तकनीकों का इस्तेमाल किया जाता है।
एलजी के अनुसार, उत्पादों की विश्वसनीयता सुनिश्चित करने के लिए NABL-मान्यता प्राप्त लैब्स में 100 प्रतिशत क्वालिटी चेक, एआई विजन इंस्पेक्शन और कड़े परीक्षण किए जाते हैं। कंपनी का कहना है कि नई लाइनअप भारतीय उपभोक्ताओं की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए परफॉरमेंस, सुविधा, डिजाइन और टिकाऊ इंजीनियरिंग को एक साथ पेश करती है।
