इंटरनेट स्पीड को बिट्स प्रति सेकंड यानी बीपीएस में मापा जाता है। आज आमतौर पर इसकी गणना मेगाबिट प्रति सेकंड यानी एमबीपीएस में होती है। जितनी अधिक एमबीपीएस स्पीड होगी उतनी तेजी से डेटा डाउनलोड और अपलोड किया जा सकेगा। हालांकि केवल डाउनलोड स्पीड ही महत्वपूर्ण नहीं होती बल्कि अपलोड स्पीड भी उतनी ही जरूरी है। वीडियो कॉल क्लाउड बैकअप बड़ी फाइल भेजने और ऑनलाइन मीटिंग जैसे काम बेहतर अपलोड स्पीड पर ही सुचारु रूप से चलते हैं।
अगर आपका इस्तेमाल केवल ईमेल भेजने सोशल मीडिया चलाने व्हाट्सएप चैट करने और सामान्य वेब ब्राउजिंग तक सीमित है तो 5 से 10 एमबीपीएस की स्पीड भी पर्याप्त मानी जाती है। वहीं यदि घर में एक साथ दो या तीन लोग इंटरनेट का उपयोग करते हैं और वीडियो देखना या ऑनलाइन पढ़ाई भी करते हैं तो 25 से 50 एमबीपीएस का कनेक्शन बेहतर रहेगा। इससे इंटरनेट बिना रुकावट चलता रहेगा और बफरिंग की समस्या भी कम होगी।
जो लोग नेटफ्लिक्स यूट्यूब या अन्य ओटीटी प्लेटफॉर्म पर एचडी या 4के वीडियो देखते हैं उनके लिए 50 से 100 एमबीपीएस तक की स्पीड उपयुक्त मानी जाती है। यदि एक ही समय में घर के कई सदस्य अलग अलग डिवाइस पर वीडियो स्ट्रीमिंग कर रहे हैं तो इससे अधिक स्पीड वाला प्लान लेना फायदेमंद हो सकता है। वहीं ऑनलाइन मल्टीप्लेयर गेम खेलने वालों के लिए केवल तेज स्पीड ही नहीं बल्कि कम लेटेंसी भी बेहद जरूरी होती है। गेमिंग के लिए लगभग 25 से 100 एमबीपीएस डाउनलोड स्पीड और 5 से 20 एमबीपीएस अपलोड स्पीड अच्छा अनुभव देती है।
स्मार्ट होम डिवाइस का बढ़ता चलन भी इंटरनेट की जरूरत बढ़ा रहा है। स्मार्ट टीवी सीसीटीवी कैमरे स्मार्ट स्पीकर स्मार्ट बल्ब और अन्य कनेक्टेड डिवाइस लगातार इंटरनेट का उपयोग करते रहते हैं। यदि घर में 10 से 12 डिवाइस एक साथ जुड़े रहते हैं तो कम से कम 50 एमबीपीएस या उससे अधिक स्पीड वाला प्लान चुनना बेहतर रहेगा ताकि सभी डिवाइस बिना रुकावट काम कर सकें।
भारत दुनिया में सबसे अधिक मोबाइल डेटा इस्तेमाल करने वाले देशों में शामिल है। बढ़ती वीडियो स्ट्रीमिंग ऑनलाइन गेमिंग क्लाउड सर्विस और डिजिटल सेवाओं की वजह से प्रति व्यक्ति डेटा खपत लगातार बढ़ रही है। हालांकि भारत में इंटरनेट की कीमतें दुनिया के कई देशों की तुलना में काफी कम हैं फिर भी जरूरत से ज्यादा स्पीड वाला प्लान लेना हर बार समझदारी नहीं होती।
विशेषज्ञों का मानना है कि इंटरनेट प्लान चुनने से पहले अपने घर में उपयोग होने वाले डिवाइसों की संख्या इंटरनेट इस्तेमाल करने वाले लोगों की आदत और रोजमर्रा की जरूरत का आकलन करना चाहिए। यदि आपकी जरूरत सीमित है तो कम स्पीड वाला प्लान भी पर्याप्त रहेगा जबकि बड़े परिवार या प्रोफेशनल उपयोग के लिए हाई स्पीड प्लान अधिक उपयोगी साबित होगा। सही इंटरनेट स्पीड चुनने से न केवल बेहतर नेटवर्क अनुभव मिलता है बल्कि हर महीने अनावश्यक खर्च से भी बचा जा सकता है।
