नई दिल्ली। दुनिया की कुछ खगोलीय घटनाएं ऐसी होती हैं, जिनका इंतजार पीढ़ियां करती हैं। ऐसी ही एक दुर्लभ घटना 22 जुलाई 2028 को न्यूजीलैंड के दक्षिणी हिस्से में देखने को मिलेगी। इस दिन पूर्ण सूर्य ग्रहण (टोटल सोलर एक्लिप्स) दिखाई देगा, जिसे इस क्षेत्र में करीब 850 वर्षों बाद देखा जाएगा। यही वजह है कि इस ऐतिहासिक पल को देखने के लिए दुनिया भर के लोग अभी से तैयारी कर रहे हैं और कई होटलों की बुकिंग दो साल पहले ही पूरी हो चुकी है।
करीब तीन मिनट तक दिन में छा जाएगा अंधेरा
खगोलीय गणनाओं के अनुसार, 22 जुलाई 2028 को स्थानीय समयानुसार शाम करीब 4:17 बजे चंद्रमा सूर्य के ठीक सामने आ जाएगा। इससे दक्षिणी न्यूजीलैंड में लगभग 100 किलोमीटर चौड़े क्षेत्र में 2 मिनट 51 सेकंड तक पूर्ण सूर्य ग्रहण दिखाई देगा। इस दौरान दिन के उजाले में अचानक अंधेरा छा जाएगा और यह दृश्य हजारों लोगों के आकर्षण का केंद्र बनेगा।
विशेषज्ञों का अनुमान है कि इस घटना को देखने के लिए करीब 35 हजार पर्यटक न्यूजीलैंड के डुनेडिन शहर पहुंच सकते हैं। लगभग 1.30 लाख आबादी वाले इस शहर में ठहरने की व्यवस्था को लेकर पहले से ही भारी मांग है।
होटलों में दो साल पहले ही बुकिंग पूरी
डुनेडिन के कई प्रमुख होटल और लॉज ने सूर्य ग्रहण के लिए विशेष पैकेज तैयार किए थे। इनमें से कई पैकेज पहले ही पूरी तरह बुक हो चुके हैं। होटल संचालकों का कहना है कि ग्रहण के दौरान शहर में आने वाले पर्यटकों की संख्या को देखते हुए नई बुकिंग सीमित कर दी गई है।
850 साल बाद पहली बार इंसान देखेंगे यह नजारा
तूहूरा ओटागो म्यूजियम के निदेशक और खगोलशास्त्री डॉ. इयान ग्रिफिन के अनुसार, डुनेडिन क्षेत्र में इससे पहले ऐसा पूर्ण सूर्य ग्रहण वर्ष 1163 में दिखाई दिया था। उस समय न्यूजीलैंड में मानव आबादी नहीं थी। ऐसे में 2028 का ग्रहण इस क्षेत्र के इतिहास में पहला अवसर होगा, जब यहां रहने वाले लोग अपनी आंखों से इस दुर्लभ खगोलीय घटना का साक्षी बनेंगे।
यह न्यूजीलैंड में 1965 के बाद पहला पूर्ण सूर्य ग्रहण भी होगा।
शहर में शुरू हुई खास तैयारियां
इस ऐतिहासिक अवसर को देखते हुए डुनेडिन में तैयारियां तेज हो गई हैं। तूहूरा ओटागो म्यूजियम ने ग्रहण तक का काउंटडाउन शुरू कर दिया है। कई पर्यटन कंपनियां विशेष ग्रहण-दर्शन पैकेज बेच रही हैं। इसके लिए बड़े खुले मैदानों को किराये पर लेकर दर्शकों के बैठने की व्यवस्था की जा रही है। कुछ कंपनियां इस अनुभव के लिए 1,000 डॉलर तक शुल्क ले रही हैं।
15 साल पहले खरीदा था घर
डॉ. इयान ग्रिफिन ने बताया कि उन्होंने वर्ष 2013 में डुनेडिन में एक घर केवल इसलिए खरीदा था, क्योंकि उसकी छत से 2028 के पूर्ण सूर्य ग्रहण का बेहतरीन दृश्य दिखाई देगा। उनका कहना है कि इस दुर्लभ खगोलीय घटना को देखने के लिए उन्होंने वर्षों पहले ही योजना बना ली थी।
क्यों है यह घटना इतनी खास?
पूर्ण सूर्य ग्रहण तब होता है जब चंद्रमा पृथ्वी और सूर्य के बीच आकर सूर्य को पूरी तरह ढक देता है। कुछ मिनटों के लिए दिन में रात जैसा अंधेरा छा जाता है, तापमान में हल्की गिरावट महसूस होती है और सूर्य का बाहरी चमकीला भाग (कोरोना) दिखाई देता है। यही वजह है कि इस तरह के ग्रहण को देखने के लिए दुनियाभर के खगोल प्रेमी वर्षों पहले से अपनी यात्रा की योजना बनाते हैं।
