महाराष्ट्र कांग्रेस ने अपने पोस्ट में 85 वर्षीय शरद पवार को दोबारा राज्यसभा भेजने के लिए दिए गए समर्थन का जिक्र किया। पार्टी ने मार्च में हुए महाराष्ट्र के राज्यसभा चुनाव का हवाला देते हुए बताया कि उस समय राज्य की सात सीटों पर चुनाव होना था। NCP-SP के पास महज 10 विधायक थे, जबकि एक उम्मीदवार को जीतने के लिए 36 वोटों की जरूरत थी। कांग्रेस के पास 16 और शिवसेना (उद्धव बालासाहेब ठाकरे) के पास 20 विधायक थे।
कांग्रेस ने याद दिलाया राज्यसभा चुनाव का समर्थन
कांग्रेस के मुताबिक, सुप्रिया सुले ने शरद पवार की उम्मीदवारी के समर्थन के लिए कांग्रेस नेताओं से संपर्क किया था। इसके बाद कांग्रेस ने अपनी सीट पर दावा छोड़कर पवार की उम्मीदवारी का समर्थन किया। शिवसेना (UBT) ने भी उनका साथ दिया और महाविकास अघाड़ी ने सर्वसम्मति से शरद पवार को राज्यसभा भेजने का फैसला किया।
महाराष्ट्र कांग्रेस ने इसी घटनाक्रम को याद दिलाते हुए कहा कि जिस पार्टी और नेताओं को मुश्किल समय में कांग्रेस ने समर्थन दिया, वे अब परिसीमन के मुद्दे पर बीजेपी के साथ खड़े नजर आ रहे हैं। पार्टी ने तंज कसते हुए पूछा कि शरद पवार को राज्यसभा पहुंचाने के लिए अपना दावा छोड़ने के बाद अब कांग्रेस को क्या देखने को मिल रहा है?
परिसीमन पर विपक्षी एकजुटता को लेकर चिंता
परिसीमन के मुद्दे पर विपक्षी दलों के अलग-अलग रुख ने INDIA गठबंधन की एकजुटता को लेकर भी सवाल खड़े किए हैं। शुक्रवार को कांग्रेस की बैठक में इस मुद्दे पर चर्चा हुई थी। बैठक के बाद पार्टी की ओर से संकेत दिए गए कि विपक्ष की साझा रणनीति से अलग रुख अपनाने वाले दलों का असर गठबंधन के कामकाज पर पड़ सकता है।
केंद्र सरकार ने परिसीमन और महिला आरक्षण से जुड़े प्रस्तावों पर चर्चा के लिए संसद का विशेष सत्र बुलाया है। इसी मुद्दे पर विपक्षी दलों के बीच सहमति बनाने की कोशिश की जा रही है।
सुप्रिया सुले INDIA गठबंधन की बैठक में नहीं होंगी शामिल
कांग्रेस ने शनिवार को INDIA गठबंधन के नेताओं की बैठक बुलाई है, जिसमें संसद के विशेष सत्र और परिसीमन से जुड़े प्रस्तावों पर चर्चा होनी है। हालांकि, NCP-SP सांसद सुप्रिया सुले ने बैठक में शामिल नहीं होने की बात कही है।
सुले ने शुक्रवार को बताया कि वह सोमवार को दिल्ली जाएंगी। उन्होंने इसकी वजह शरद पवार का अस्पताल में भर्ती होना बताया। साथ ही स्पष्ट किया कि उनके बैठक में नहीं पहुंचने के बावजूद पार्टी के अन्य नेता इसमें शामिल होंगे।
