महाराष्ट्र के पुणे शहर में महिलाओं की सुरक्षा को लेकर एक बार फिर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। कोरेगांव पार्क इलाके में एक महिला के साथ चलती कार में कथित दुष्कर्म का मामला सामने आया है। आरोप है कि होटल पार्टी में हुई पहचान के बाद युवक ने महिला को घर छोड़ने का भरोसा दिलाया और रास्ते में उसके साथ जबरदस्ती की।
पार्टी में हुई थी पहचान
जानकारी के मुताबिक, पीड़िता पुणे के एक होटल में आयोजित पार्टी में शामिल होने पहुंची थी। इसी दौरान उसकी मुलाकात आरोपी युवक से हुई। पार्टी खत्म होने के बाद युवक ने महिला को सुरक्षित घर छोड़ने की बात कही। महिला ने उस पर भरोसा किया और उसके साथ कार में बैठ गई।
आरोप है कि रास्ते में आरोपी ने चलती कार में महिला के साथ जबरदस्ती की और उसका यौन उत्पीड़न किया। घटना के बाद पीड़िता किसी तरह पुलिस तक पहुंची और शिकायत दर्ज कराई।
कोरेगांव पार्क थाने में मामला दर्ज
पीड़िता की शिकायत के आधार पर कोरेगांव पार्क पुलिस स्टेशन में मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ दुष्कर्म और अन्य संबंधित धाराओं में केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।पुलिस अधिकारियों के अनुसार, मामले को गंभीरता से लिया जा रहा है और आरोपी की तलाश जारी है।
CCTV और तकनीकी साक्ष्यों की जांच
घटना के बाद पुलिस आसपास के इलाकों के CCTV फुटेज खंगाल रही है। साथ ही तकनीकी सबूतों और मोबाइल लोकेशन की मदद से आरोपी तक पहुंचने की कोशिश की जा रही है।
पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। जांच टीम होटल, पार्टी में मौजूद लोगों और कार की जानकारी भी जुटा रही है।
महिलाओं की सुरक्षा पर फिर उठे सवाल
पुणे में हाल के दिनों में महिलाओं और बच्चियों के खिलाफ अपराध के कई मामले सामने आए हैं। नसरापुर में एक बच्ची के साथ दुष्कर्म और हत्या की घटना के बाद अब कोरेगांव पार्क की इस वारदात ने शहर में लोगों का गुस्सा बढ़ा दिया है।
