बुधवार को भोपाल, राजगढ़ और शाजापुर में सर्द हवाएं चलीं। मौसम विभाग के अनुसार, गुरुवार को भी इन जिलों में ठंडी हवाओं का दौर जारी रह सकता है। तीनों जिलों के लिए शीतलहर का अलर्ट जारी किया गया है। इसके चलते दिन के तापमान में भी गिरावट आने की संभावना है। मौसम विभाग ने लोगों को ठंड से बचाव के लिए जरूरी सावधानियां बरतने की सलाह दी है।
भोपाल में लगातार तीसरे साल रिकॉर्ड ठंड
राजधानी में इस बार नवंबर में तापमान लगातार नीचे बना हुआ है। भोपाल में अब तक न्यूनतम तापमान 8.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है। इससे पहले 17 नवंबर 2025 को पारा 5.2 डिग्री और उसी महीने की 29 नवंबर की रात 8.2 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड हुआ था। वहीं, वर्ष 2018 से 2023 के बीच नवंबर में न्यूनतम तापमान 10.2 से 13.8 डिग्री सेल्सियस के दायरे में रहा।
बढ़ती ठंड का असर स्कूली बच्चों पर भी पड़ रहा है। सुबह के समय कम तापमान को देखते हुए स्कूलों की टाइमिंग में बदलाव किया गया है। जो स्कूल सुबह 7.30 बजे से शुरू होते थे, अब वे सुबह 8 बजे से संचालित होंगे। छोटे बच्चों को ठंड से राहत देने के लिए अधिकांश निजी स्कूलों ने यह बदलाव किया है।
जबलपुर, इंदौर और ग्वालियर में भी पारा 11 डिग्री से नीचे
मौसम विभाग के आंकड़ों के मुताबिक, बीती रात जबलपुर में न्यूनतम तापमान 10.5 डिग्री, इंदौर में 10.6 डिग्री, ग्वालियर में 10.8 डिग्री और उज्जैन में 11 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
अन्य शहरों में भी तापमान में गिरावट दर्ज हुई। रीवा में न्यूनतम तापमान 9.2 डिग्री, रायसेन में 9.4 डिग्री, उमरिया में 10.3 डिग्री और गुना में 10.8 डिग्री सेल्सियस रहा। खजुराहो और छिंदवाड़ा में पारा 11.2 डिग्री, श्योपुर में 11.4 डिग्री तथा सीधी, बैतूल और सतना में 11.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
इसके अलावा मलाजखंड, दतिया, मंडला, नौगांव, खंडवा, नरसिंहपुर, धार, टीकमगढ़, रतलाम, पचमढ़ी, खरगोन और नर्मदापुरम में भी न्यूनतम तापमान 15 डिग्री से नीचे बना हुआ है। प्रदेश के कुल 30 शहरों में रात के तापमान में गिरावट दर्ज की गई है। सुबह के समय कई इलाकों में धुंध भी छा रही है।
बारिश का दौर खत्म होते ही बदला मौसम
मौसम केंद्र भोपाल के अनुसार, प्रदेश में पिछले तीन दिनों तक चक्रवात ‘अकवान’ और ट्रफ का प्रभाव रहा। इसके कारण पूर्वी मध्य प्रदेश के जबलपुर, रीवा, सागर और शहडोल संभाग के कई जिलों में बारिश हुई थी। बारिश और बादलों की वजह से रात के तापमान में कुछ बढ़ोतरी दर्ज की गई थी।
अब मौसम प्रणाली आगे बढ़ने और बारिश का दौर थमने के बाद प्रदेश में ठंड ने फिर जोर पकड़ लिया है। दिन के साथ रात के तापमान में भी गिरावट आ रही है। फिलहाल प्रदेश के पश्चिमी हिस्से में एक साइक्लोनिक सर्कुलेशन सिस्टम सक्रिय है।
अगले दो दिन में दो डिग्री और गिरेगा पारा
मौसम विभाग ने अगले दो दिनों में न्यूनतम तापमान में करीब दो डिग्री सेल्सियस तक की और गिरावट का अनुमान जताया है। ऐसा होने पर प्रदेश के अधिकांश शहरों में रात का तापमान 10 डिग्री से नीचे पहुंच सकता है।
सुबह के समय धुंध का असर बना रहेगा, जबकि दिन में भी ठंडी हवाएं चलने की संभावना है। ऐसे में आने वाले दिनों में प्रदेशवासियों को सर्दी का और तीखा अहसास हो सकता है।
