वहीं, मैहर जिले में शुक्रवार शाम करीब 6:30 बजे एक ट्रक चालक की तबीयत अचानक बिगड़ गई। इससे ट्रक बेकाबू होकर सड़क किनारे खड़ी बस से टकरा गया। हादसे में चालक की मौत हो गई।
उज्जैन में बाइक सवारों को बचाने में खाई में उतरी बस
जानकारी के अनुसार, बस क्रमांक MP-70-P-0161 आगर से उज्जैन आ रही थी। बस माकड़ोन फंटे के पास पहुंची, तभी उज्जैन से माकड़ोन की ओर जा रहे एक बाइक सवार ने अचानक मोड़ ले लिया। उसे बचाने के प्रयास में बस बाइक से टकरा गई और चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका। इसके बाद बस सड़क किनारे खाई में जा गिरी। इस दौरान एक अन्य बाइक सवार भी बस की चपेट में आ गया।
हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही घोंसला क्षेत्र के ग्रामीण और राघवी थाना पुलिस घटनास्थल पर पहुंची। स्थानीय लोगों और पुलिस ने राहत एवं बचाव कार्य शुरू कर बस में फंसे यात्रियों को बाहर निकाला। घायलों को एंबुलेंस की मदद से घट्टिया अस्पताल पहुंचाया गया।
दो बाइक सवारों की मौके पर मौत, कई यात्री घायल
हादसे में जान गंवाने वाले बाइक सवारों की पहचान महेश, पिता बापू, और मोहन, पिता मांगीलाल, के रूप में हुई है। दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, गोपाल सिंह नाम का एक अन्य बाइक सवार गंभीर रूप से घायल हुआ है। बस में सवार चार महिलाएं और तीन पुरुष भी घायल हुए हैं। सभी घायलों का अस्पताल में उपचार चल रहा है। राघवी थाना पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है।
मैहर में चालक की तबीयत बिगड़ी, खड़ी बस से टकराया ट्रक
दूसरा हादसा शुक्रवार शाम मैहर जिले के कोतवाली थाना क्षेत्र में हुआ। सीमेंट फैक्ट्री से क्लिंकर लेकर उत्तर प्रदेश के रायबरेली जा रहा ट्रक रामवन पथ गमन रोड पर उमरी पैला के पास पहुंचा था। इसी दौरान चालक नीरज सिंह (33) की अचानक तबीयत बिगड़ गई। इससे वाहन पर से उसका नियंत्रण हट गया और ट्रक सड़क किनारे खड़ी बस से जा टकराया। हादसे में ट्रक चालक की मौत हो गई। मृतक उत्तर प्रदेश के रायबरेली का निवासी था।
टायर पंचर होने के कारण सड़क किनारे खड़ी थी बस
जानकारी के मुताबिक, बस डिंडौरी की ओर जा रही थी। उसमें सवार यात्री चित्रकूट से आंखों का इलाज कराकर लौट रहे थे। रास्ते में बस का टायर पंचर हो गया था, जिसके कारण चालक ने उसे सड़क किनारे रोक दिया था। टायर बदले जाने के दौरान ही बेकाबू ट्रक बस से टकरा गया।
दोनों हादसों में पुलिस ने घटनास्थल पर पहुंचकर आवश्यक कार्रवाई की। उज्जैन में बस हादसे के कारणों की जांच की जा रही है, जबकि मैहर में ट्रक चालक की तबीयत अचानक बिगड़ने को दुर्घटना की वजह बताया जा रहा है।
