पुलिस के मुताबिक वरुण कुमार राकेश अग्रवाल की हत्या के बाद से ही फरार था। उसकी तलाश में भोपाल पुलिस की कई टीमें अलग-अलग राज्यों में भेजी गई थीं। पुलिस ने ग्वालियर मथुरा और वृंदावन सहित कई स्थानों पर दबिश दी थी। इसके अलावा पंजाब में भी आरोपी की तलाश की गई। जांच के दौरान कई जगहों के सीसीटीवी फुटेज खंगाले गए। फुटेज में आरोपी से जुड़े सुराग मिलने के बावजूद वह लगातार पुलिस को चकमा देकर अपनी लोकेशन बदल रहा था। आखिरकार पुलिस को उसकी मौजूदगी आगरा में मिली और टीम ने उसे गिरफ्तार कर लिया।
50 हजार रुपये का घोषित था इनाम
लंबे समय तक आरोपी की गिरफ्तारी नहीं होने और मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस कमिश्नर संजय कुमार ने विशेष जांच टीम यानी एसआईटी का गठन किया था। इस टीम की जिम्मेदारी पुलिस मुख्यालय में पदस्थ एआईजी उमेश तिवारी को सौंपी गई थी। फरार आरोपी वरुण कुमार पर 50 हजार रुपये का इनाम भी घोषित किया गया था। एसआईटी लगातार उसके संभावित ठिकानों और संपर्कों की जानकारी जुटा रही थी। पुलिस की अलग-अलग टीमें उसकी तलाश में लगी हुई थीं।
IAS एसोसिएशन ने मुख्यमंत्री से की थी मुलाकात
रिटायर्ड IAS अधिकारी की हत्या के बाद आरोपी की गिरफ्तारी में हो रही देरी का मुद्दा IAS एसोसिएशन ने भी उठाया था। एसोसिएशन के प्रतिनिधियों ने पहले मुख्य सचिव से मुलाकात की थी और इसके बाद मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के सामने भी मामला रखा था। प्रतिनिधियों ने आरोपी को जल्द गिरफ्तार करने और मामले में प्रभावी कार्रवाई की मांग की थी। इसके बाद पुलिस ने जांच और तलाशी अभियान तेज किया।
30 सितंबर की रात हुई थी सनसनीखेज हत्या
रिटायर्ड IAS राकेश अग्रवाल की हत्या 30 सितंबर की रात भोपाल के सूरज नगर स्थित उनके घर में हुई थी। बदमाशों ने धारदार हथियार से उनका गला रेत दिया था। अगली सुबह उनकी पत्नी निशी अग्रवाल ने कमरे में उनका शव देखा। घटनास्थल पर घर की अलमारियों का सामान बिखरा हुआ मिला था। किचन में एलपीजी सिलेंडर का पाइप भी निकला हुआ था। शुरुआती जांच में पुलिस को आशंका हुई थी कि हत्या के बाद घर में आग लगाकर सबूत मिटाने की कोशिश की गई हो सकती है।
वारदात के बाद से ही घर में केयरटेकर के रूप में काम करने वाला वरुण पुलिस के संदेह के घेरे में था। अब उसकी गिरफ्तारी के बाद जांच में कई अहम सवालों के जवाब मिलने की उम्मीद है। पुलिस उससे हत्या की वजह वारदात की तैयारी लूट की आशंका और फरारी के दौरान छिपने के ठिकानों के बारे में पूछताछ करेगी। फिलहाल घायल आरोपी का अस्पताल में इलाज चल रहा है और पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है।
