साइकिलिंग फेडरेशन ऑफ इंडिया के ‘अस्मिता कार्यक्रम’ के तहत आयोजित इस रैली को स्थानीय स्टेडियम ग्राउंड से कलेक्टर रजनी सिंह और जिला पंचायत सीईओ गजेंद्र सिंह नागेश ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस मौके पर कश्मीर से कन्याकुमारी तक साइकिल यात्रा पूरी करने वाले रेडक्रॉस सोसाइटी के अध्यक्ष डॉ. अनंत दुबे और उनकी टीम का भी सम्मान किया गया।
रैली शहर के प्रमुख मार्गों से होकर गुजरी, जिसमें गांधी चौक, नगर पालिका चौराहा, सुभाष पार्क, बाहरी रोड और पुलिस लाइन जैसे क्षेत्र शामिल रहे। पूरे रास्ते प्रतिभागियों में उत्साह देखने को मिला और लोगों ने स्वस्थ जीवन के लिए साइकिलिंग को अपनाने का संदेश दिया।
कार्यक्रम के दौरान कलेक्टर रजनी सिंह ने कहा कि आज के आधुनिक और मशीन आधारित जीवन में शारीरिक श्रम काफी कम हो गया है। ऐसे में साइकिलिंग, योग, दौड़, तैराकी और अन्य खेल गतिविधियों को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाना बेहद जरूरी है। उन्होंने विशेष रूप से युवाओं और बच्चों को नियमित खेल गतिविधियों से जुड़ने की सलाह दी।
मध्यप्रदेश साइकिलिंग एसोसिएशन के सचिव बी.एस. राजपूत ने बताया कि प्रधानमंत्री के ‘फिट इंडिया’ और ‘स्वस्थ भारत’ अभियान को आगे बढ़ाने के उद्देश्य से जिले में अस्मिता लीग का आयोजन किया जा रहा है, जिससे खेल संस्कृति को बढ़ावा मिलेगा और अधिक लोग फिटनेस गतिविधियों से जुड़ेंगे।
रैली के समापन पर राष्ट्रगान के साथ कार्यक्रम का समापन किया गया। इस अवसर पर जिला साइकिलिंग संघ के अध्यक्ष सुनील कोठारी ने ‘नरसिंह साइक्लिंग क्लब’ शुरू करने की घोषणा भी की। वहीं आयोजन प्रभारी मनीष कटारे ने बताया कि 14 जून को बालिका और महिला वर्ग की साइकिल रेस आयोजित की जाएगी, जिसमें विभिन्न आयु वर्गों की प्रतियोगिताएं होंगी और विजेताओं को मेडल, सर्टिफिकेट एवं पुरस्कार दिए जाएंगे। इसके साथ ही रविवार शाम को बरमान कला में भी साइकिल रैली निकाली जाएगी।
