राज्य शासन के पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग ने पीएम पोषण शक्ति निर्माण योजना के लिए नई मार्गदर्शिका जारी की है। इसके तहत सप्ताह में कम से कम एक दिन बच्चों को उनके क्षेत्र का पारंपरिक भोजन देना अनिवार्य होगा। मेन्यू में भोजन की विविधता और पोषण स्तर बढ़ाने के साथ साफ-सफाई और खाना बनाने के तरीकों पर भी विशेष ध्यान दिया गया है। अब भोजन का मेन्यू तय करने में केवल अधिकारियों की भूमिका नहीं होगी बल्कि स्कूल प्रबंधन समिति अभिभावकों और विद्यार्थियों से भी उनकी पसंद और सुझाव लिए जाएंगे।
अलग-अलग अंचलों के पकवानों से सजेगी थाली
नई व्यवस्था में मध्यप्रदेश के हर क्षेत्र की खानपान परंपरा को जगह दी गई है। मालवा क्षेत्र के बच्चों को भुट्टे का कीस दाल-बाफला सेव-टमाटर की सब्जी और गेहूं की थूली जैसे व्यंजन मिलेंगे। निमाड़ में दाल-पानिया और मक्का-ज्वार की भाकरी परोसी जाएगी। विंध्य और महाकौशल के मेन्यू में इंद्रहर फुलौरी की कढ़ी महेरी और कोदो-कुटकी से बने व्यंजन शामिल होंगे।
बुंदेलखंड के बच्चों को बेसन के चीले और महेरी का स्वाद मिलेगा। ग्वालियर-चंबल क्षेत्र में बाजरे की राबड़ी और बेड़ई परोसी जाएगी। वहीं भोपाल और नर्मदापुरम क्षेत्र में दाल-बाफला पंचमेल दाल और लापसी को शामिल किया गया है। जनजातीय बहुल इलाकों में महुआ-अलसी के लड्डू और कोदो-कुटकी की खीर व खिचड़ी बच्चों की थाली का हिस्सा बनेंगे।
एनीमिया से बचाव के लिए रंगीन चपातियां
बच्चों में खून की कमी यानी एनीमिया की समस्या से बचाव के लिए भोजन में पोषक तत्व बढ़ाने पर जोर दिया गया है। इसके तहत सामान्य आटे में पालक मेथी बथुआ और सहजन की पत्तियां मिलाकर हरी चपाती बनाई जाएगी। गाजर मिलाकर गुलाबी चपाती तैयार की जाएगी। सहजन की पत्तियों को छाया में सुखाकर उनका पाउडर भी बनाया जाएगा। इसे आटे दाल और खिचड़ी में मिलाकर भोजन की पौष्टिकता बढ़ाई जा सकेगी।
महंगी सामग्री की जगह होंगे पोषण वाले विकल्प
खाद्य सामग्री के बाजार भाव का असर बच्चों के भोजन पर न पड़े इसके लिए रसोइयों को वैकल्पिक सामग्री इस्तेमाल करने की अनुमति दी गई है। तुअर दाल या काबुली चना महंगा होने पर सेम बरबटी हरा चना मूंग दाल और सोया बड़ी जैसे विकल्प अपनाए जा सकेंगे। हालांकि इन बदलावों के दौरान भोजन का पोषण स्तर बनाए रखना जरूरी होगा।
हर स्कूल को मिलेगी रेसिपी बुक
भोजन की गुणवत्ता और स्वाद में एकरूपता बनाए रखने के लिए प्रदेश के सभी स्कूलों के लिए पोषण विशेषज्ञों की मदद से रेसिपी बुक तैयार की जाएगी। इसमें हर व्यंजन को बनाने की विधि प्रति बच्चे के हिसाब से सामग्री की मात्रा और खाना पकाने का समय दर्ज रहेगा। इससे रसोइयों को भोजन तैयार करने में आसानी होगी और गुणवत्ता पर भी नजर रखी जा सकेगी।
सप्ताह में दो बार हरी सब्जियां और एक दिन फल
नई व्यवस्था में सप्ताह में कम से कम दो दिन पालक और बथुआ जैसी हरी पत्तेदार सब्जियां देने का प्रावधान किया गया है। हालांकि वर्षा ऋतु में संक्रमण के खतरे को देखते हुए हरी पत्तेदार सब्जियां मेन्यू से बाहर रहेंगी। इसके अलावा सप्ताह में एक दिन बच्चों को अमरूद केला पपीता आंवला बेर सीताफल जामुन और आम जैसे मौसमी फल दिए जाएंगे। इसके लिए स्कूलों की पोषण वाटिका उद्यानिकी विभाग और स्थानीय समुदाय का सहयोग लिया जाएगा।
त्योहारों और बाजार में सामग्री की उपलब्धता के हिसाब से भी मेन्यू बदला जा सकेगा। दही उपलब्ध नहीं होने पर कढ़ी में कबीट आम या इमली की खटाई इस्तेमाल की जा सकेगी। वहीं खीर के विकल्प के रूप में गुड़ से बना मीठा दलिया दिया जा सकेगा।
फिलहाल प्रदेश के सरकारी स्कूलों में शहरी क्षेत्रों में अक्षय पात्र फाउंडेशन के माध्यम से भोजन पहुंचाया जाता है जबकि ग्रामीण क्षेत्रों में स्कूल स्तर पर भोजन बनाने की व्यवस्था है। नई मार्गदर्शिका लागू होने के बाद मध्याह्न भोजन में स्वाद और पोषण दोनों को बेहतर बनाने की कोशिश की जाएगी।
