भोपाल। मध्य प्रदेश में नौतपा शुरू होने से पहले ही भीषण गर्मी ने लोगों की परेशानी बढ़ा दी है। प्रदेशभर में सूरज के तीखे तेवर देखने को मिल रहे हैं। सुबह से ही तेज धूप और गर्म हवाओं के कारण तापमान तेजी से बढ़ रहा है। कई शहरों में सुबह के समय ही पारा 38 से 40 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच रहा है।
मौसम विभाग के अनुसार, प्रदेश में 31 मई तक गर्मी अपने चरम पर रहने की संभावना है। शुक्रवार को निवाड़ी, छतरपुर, पन्ना और सतना जिलों के लिए तीव्र लू का रेड अलर्ट जारी किया गया है। इन इलाकों में तापमान 46 डिग्री सेल्सियस से अधिक पहुंचने का अनुमान है।
41 जिलों में हीटवेव का अलर्ट जारी
मौसम विभाग ने प्रदेश के 41 जिलों में लू को लेकर अलग-अलग स्तर की चेतावनी जारी की है।
4 जिलों में रेड अलर्ट
निवाड़ी, छतरपुर, पन्ना और सतना में तीव्र लू की स्थिति बन सकती है। यहां तापमान 46 डिग्री के पार जाने की आशंका जताई गई है।
21 जिलों में ऑरेंज अलर्ट
ग्वालियर, भिंड, मुरैना, श्योपुर, दतिया, शिवपुरी, गुना, अशोकनगर, आगर-मालवा, राजगढ़, विदिशा, सागर, दमोह, कटनी, मैहर, उमरिया, शहडोल, रीवा, मऊगंज, सीधी और सिंगरौली में तेज लू चलने की संभावना के चलते ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है।
20 जिलों में येलो अलर्ट
भोपाल, नीमच, मंदसौर, रतलाम, उज्जैन, खरगोन, खंडवा, बुरहानपुर, सीहोर, शाजापुर, रायसेन, पांढुर्णा, छिंदवाड़ा, नरसिंहपुर, जबलपुर, सिवनी, मंडला, बालाघाट, डिंडौरी और अनूपपुर में लू का येलो अलर्ट जारी किया गया है। इन क्षेत्रों में तापमान 43 से 45 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है।
इन जिलों में उमस और तेज गर्मी
इंदौर, देवास, हरदा, नर्मदापुरम, बैतूल, धार, बड़वानी, झाबुआ और आलीराजपुर में लू का अलर्ट नहीं है, लेकिन तेज गर्मी और उमस लोगों को परेशान कर सकती है।
इंदौर, देवास, हरदा, नर्मदापुरम, बैतूल, धार, बड़वानी, झाबुआ और आलीराजपुर में लू का अलर्ट नहीं है, लेकिन तेज गर्मी और उमस लोगों को परेशान कर सकती है।
25 मई से शुरू होगा नौतपा
मौसम विभाग के मुताबिक अगले तीन दिन तक प्रदेशभर में भीषण गर्मी का असर बना रहेगा। 25 मई से नौतपा की शुरुआत हो रही है, जिसके दौरान भोपाल, इंदौर, उज्जैन, ग्वालियर और जबलपुर समेत पूरे प्रदेश में गर्मी और अधिक तीखी होने की संभावना है। आने वाले दिनों में लोगों को गर्म हवाओं और बढ़ते तापमान का सामना करना पड़ सकता है।
